Sports
Other Sports Other Sports नई दिल्ली मलेशिया के इपोह में होने जा रहे अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट के लिए शुक्रवार को भारतीय हॉकी टीम की घोषणा कर दी गई। घोषित 18 सदस्यीय टीम में ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह की वापसी हुई है। साथ ही टीम में बहुत से नए चेहरों को भी मौका दिया गया है।
स्पर्धा 8 मई से 18 तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में शामिल होने वाले शेष खिलाड़ी युवा हैं। चार देशों के टूर्नामेंट में खेल रहे राजपाल सिंह, प्रभजोत सिंह, इग्नेश टिर्की, वीएस विनय और वीरेंद्र लाकड़ा को घोषित टीम में जगह नहीं दी गई है। इसके अतिरिक्त पेनाल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ वीआर रघुनाथ भी अजलान शाह में नहीं खेल पाएंगे।
घोषित टीम में उनकी जगह युवा दिवाकर राम को मौका दिया गया है।नई चयन समिति ने संतुलन बैठाने के लिए जोक्विम कार्वाल्हो को टीम का पर्यवेक्षक और जूनियर टीम के कोच रहे एके बंसल को टीम का नया कोच नियुक्त किया है। जबकि टीम के तकनीकी निदेशक रिक चाल्र्सवर्थ टीम के सलाहकार के रूप में बने रहेंगे। घोषित टीम- तुषार खांडेकर(कप्तान), बलजीत सिंह, पीआर श्रीजेश, दिवाकर राम, संदीप सिंह, आई. कुल्लू, समीर बक्सला, श्रवणजीत सिंह, रंजीत सिंह, बिक्रम कांत, सरदारा सिंह, एबी चियाना, विवेक, एसवी सुनील, गुरविंदर सिंह, शिवेंद्र सिंह, मनदीप अंतील और गुरबाज सिंह ।
अधिकारी- एके बंसल(मुख्य कोच), राजेश चौहान(कोच), रिक चाल्र्सवर्थ(सलाहकार), आरके शेट्टी (मैनेजर), जोक्विम कार्वाल्हो (आब्जर्वर), श्रीकांत आयंगर(फिजियो), एमवी मथाई(ट्रेनर)।