मुंबईमुंबई पुलिस ने अंडरवल्र्ड से रिश्ते के मामले में बॉलीवुड सितारों के खिलाफ कोई पुख्ता सबूत नहीं मिलने के कारण यह मामला बंद करने का फैसला किया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) राकेश मारिया ने कहा, ‘हमने सारे रिकॉर्डो की जांच की और सितारों के बयानों में कोई विसंगति नहीं पाई। फिल्म स्टार्स के खिलाफ जांच जारी रखने के लिए कोई सबूत नहीं है।
हालांकि इकबाल अत्तरवाला के खिलाफ मामला जारी रहेगा।’ गौरतलब है कि अंडरवल्र्ड डॉन छोटा शकील के निकटवर्ती समझे जाने वाले इवेंट मैनेजर अत्तरवाला की गिरफ्तारी के बाद कई सितारे जांच के घेरे में आ गए थे। मामले में पुलिस ने सलमान खान, सोहेल खान, ऋतिक रोशन, ईशा देओल, उर्मिला मातोंडकर, शिल्पा शेट्टी और प्रियंका चोपड़ा सहित कुछ अन्य कलाकारों से पूछताछ की थी। अत्तरवाला की कंपनी शोब्लिट्ज इंडिया ने संयुक्त अरब अमीरात में कई शो आयोजित किए थे, जिनमें इन कलाकारों ने भाग लिया था। अत्तरवाला के खिलाफ जमीन हथियाने सहित कई मामले दर्ज हैं।