HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

छग में मिलाजुला बंद, कांकेर में भाजपाई आपस में भिड़े

दिल्ली/रायपुर. bandh भाजपा द्वारा आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के खिलाफ शुक्रवार को आहूत देशव्यापी बंद का कई राज्यों में असर देखा गया। तमिलनाडु में बंद के दौरान सार्वजनिक परिवहन निगम की 20 बसें क्षतिग्रस्त करने और करीब 500 लोगों को गिरफ्तार किए जाने की खबर है। आंध्रप्रदेश में बंद के दौरान राज्य इकाई के अध्यक्ष बंडारु दत्तात्रेय की गिरफ्तारी हुई।

महंगाई के विरोध में छत्तीसगढ़ में भाजपा के आव्हान पर बंद का मिलाजुला असर रहा। प्रमुख शहर स्वस्फूर्त बंद रहे तो प्रदेश के अन्य हिस्सों में बाजार खुले रहे। कांकेर और अंतागढ़ से मामूली झड़पों की भी सूचना है।

राजधानी रायपुर में बंद का खासा असर रहा। सुबह से दोपहर तक भाजपाई दुकानें बंद कराते रहे। चाय-पान ठेले और होटलें तक बंद रहीं। पेट्रोल पंप और टाकीजें नहीं खुलीं। मेडिकल स्टोर और यात्री बसों को छूट दी गई। शाम को ज्यादातर दुकानें खुल गईं। फाफाडीह और उरला में बंद कराने पहुंचे युवकों से स्थानीय दुकानदारों की झड़प हुई, लेकिन मामला सुलझ गया।

भिलाई, दुर्ग, नांदगांव, धमतरी में सन्नाटा : भिलाई, दुर्ग, राजनांदगांव व धमतरी के शहरी हिस्से में बाजार पूरी तरह बंद रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य रहा। जशपुर व पत्थलगांव में बंद का व्यापक असर रहा। वहां बसें नहीं चलीं, जिससे मुसाफिर परेशान रहे। बिलासपुर का शहरी हिस्सा शाम तक बंद रहा।

रायगढ़ में मिलाजुला असर देखा गया। भास्कर ब्यूरो के मुताबिक महासमुंद, तिल्दा, भाटापारा, सराइपाली व बसना में बंद बेअसर रहा। यहां सुबह से रात तक दुकानें खुली रहीं।

कांकेर, अंतागढ़ में विवाद
बंद का बस्तर में मिलाजुला असर रहा। जगदलपुर शहर में दुकानें बंद रहीं। दंतेवाड़ा, कांकेर, भानुप्रतापपुर में कोई खास असर नहीं रहा। कांकेर में बंद कराने को लेकर भाजपाइयों के ही दो गुट भिड़ गए। अंतागढ़ में व्यापारियों का एक गुट बंद के समर्थन और दूसरा विरोध में नजर आया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: