bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

स्वस्फूर्त बंद रहा शहर

बिलासपुर. भाजपानीत एनडीए के आह्वान पर शुक्रवार को भारत बंद के परिप्रेक्ष्य में शहर बंद रहा। व्यावसायिक प्रतिष्ठान, बाजार, मालधक्का, पेट्रोल पंप, सिनेमा आदि सुबह से बंद रहे। कहीं-कहीं 11 बजे के बाद दुकानें बंद कराईं गईं, परंतु आमतौर पर बंद को स्वस्फूर्त समर्थन मिला।

दवा दुकान, आटो, रिक्शा, सिटी बस, को बंद से मुक्त रखा गया था, परंतु छिटपुट चाय, पान, सब्जी, नाश्ते की गुमटियों को बंद नहीं कराया गया, जिससे लोगों को राहत रही। शाम 3-4 बजे के बाद दुकानें खुलने लगीं तथा शाम तक जनजीवन सामान्य हो गया। शहर बंद कराने निकले भाजपाई, गोलबाजार में धरना व सभा, यूपीए का पुतला फूंका।

प्रदेश में एनडीए का घटक दल नहीं होने के कारण भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बंद कराने शहर भर में घूमते नजर आए। व्यापारी महासंघ से समर्थन लेने में देरी तथा गुटबाजी की वजह से सुबह पुराने बस स्टैंड, सरकंडा, सदर बाजार की दुकानें खुली रहीं, परंतु बाद में कार्यकर्ताओं ने उन्हें बंद कराया।

जिला भाजपा ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक स्थल सदर, गोलबाजार, शनिचरी, बुधवारी, व्यापार विहार, कपड़ा मार्केट, मेडिकल कांप्लेक्स, तेलीपारा, बस स्टैंड, लिंक रोड, अरपा पार सरकंडा, व्यापार विहार,पेट्रोल पंप, सिनेमा आदि में स्वस्फूर्त बंद का दावा किया है।

लेटलतीफी, गुटबाजी से हुई देरी
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बंद कराने के लिए भाजपा नेता, कार्यकर्ताओं को सुबह 8 बजे जिला भाजपा कार्यालय से निकलना था, परंतु इसमें डेढ़ घंटे की देर हो गई। खबर है कि व्यापारी महासंघ से एक दिन पूर्व समर्थन नहीं लेने तथा महासंघ में शामिल पार्टी नेता से मनमुटाव के चलते समर्थन लेने में देरी हुई, जिससे सदर, गोलबाजार की ज्यादातर दुकानें 11 बजे के बाद बंद हो पाईं। पुराने बस स्टैंड स्थित भक्त कंवरराम मार्केट खुले होने की सूचना पर भी उसे अपराह्न् बंद कराया गया। इसी प्रकार अरपा पार की दुकानें, नेहरू चौक व लिंक रोड के पेट्रोल पंप देर से बंद कराए गए।

शहर में मेयर अशोक पिंगले, जिला महामंत्री राजा पांडे, नगर अध्यक्ष शंकर रजक, रामदेव कुमावत, प्रवीर सेन गुप्ता, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री किशोर राय, मनीष अग्रवाल, पार्षद महेश चंद्रिकापुरे,आलेख वर्मा, राजेश सिंह,सौम्यव्रत चाकी,विकास मिश्रा, राजेश मिश्रा, मुरली वाजपेयी आदि ने घूम-घूमकर दुकानें बंद कराईं।

बंद के जरिए जनता ने केंद्र को दी चेतावनी: गोलबाजार में सभा को संबोधित करते हुए मेयर अशोक ंिपंगले ने कहा कि बंद को स्वस्फूर्त समर्थन से साफ है कि जनता ने महंगाई के मु्द्दे को लेकर केंद्र को चेतावनी दे दी है। उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग, रिक्शे व फुटपाथ पर खोमचा लगाने वालों के समर्थन से साबित होता है कि महंगाई की मार से गरीब जनता भी केंद्र की यूपीए सरकार से नाराज है।

राजा पांडे ने कहा कि महंगाई में बढ़ोतरी युद्ध व आर्थिक प्रतिबंध जैसी विषम परिस्थितियों में भी बढ़ती है, परंतु अटलबिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्रित्वकाल में छह साल मूल्य नियंत्रित रहे। इस दौरान परमाणु परीक्षण के चलते देश को अमेरिका के आर्थिक प्रतिबंध व कारगिल में पाकिस्तान द्वारा थोपे गए युद्ध का सामना करना पड़ा।

इसके बावजूद एनडीए ने कीमतें नहीं बढ़ने दीं, परंतु यूपीए सरकार के अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के राज में महंगाई कुप्रबंध और सरकार की नाकामी को साबित करती है। नगर अध्यक्ष शंकर रजक ने चुटकी के अंदाज में कहा कि एक ओर तो मनमोहन सिंह सरकार के सारे फैसले सोनिया गांधी से पूछ-पूछकर करते हैं, वहीं महंगाई के मुद्दे पर श्रीमती गांधी उल्टे प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखती हैं।

युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री किशोर राय ने कहा कि आजादी के बाद यूपीए पहली सरकार है जिसने महंगाई पर नियंत्रण करने में अपने आप को असहाय बताया। जिलाध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि महंगाई की मार से आक्रांत गरीबों को आज दो जून का भोजन नसीब नहीं है। ऐसे समय मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने गरीबों को 3 रुपए किलो में चावल उपलब्ध कराकर इस वर्ग को राहत प्रदान किया है।

नगर अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि यूपीए अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्थिति को जिम्मेदार ठहराने का प्रयास कर रही है। सभा का संचालन युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आलेख वर्मा ने किया।

इस मौके पर उमेशचंद्र कुमार, रमेश लालवानी, पार्षद विजय ताम्रकार, वी रामाराव, प्रवीण दुबे, अशोक विधानी, शैलेंद्र यादव, अशोक मिथुन, अनुज टंडन, अमरदास बंजारे सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: