News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर.
शुक्रवार की सुबह रेलवे टिकट काउंटर में टिकट के लिए लाइन में लगे एक रेलवे ठेकेदार के बैग से किसी ने 50 हजार रुपए नकदी पार कर दी। रेलवे सूत्रों के अनुसार उक्त घटना सुबह लगभग 9 बजे की है। घटना का शिकार व्यक्ति अजय कुमार यादव, 38 वर्ष, हेमूनगर बिलासपुर का निवासी है और रेलवे में ठेकेदारी करता है। वह शुक्रवार की सुबह आजाद हिंद एक्सप्रेस से रायपुर जाने के लिए निकला था।
स्टेशन पहुंचकर उसने कटनी प्लेटफार्म की तरफ नए बने अनारक्षित टिकट काउंटर में टिकट लेने के लिए लाइन लगाई। इसी समय किसी ने उसके बैग को काटकर उसमें से 50 हजार रुपए नकदी पार कर दिया। अजय को इस घटना का पता तब चला, जब वह टिकट लेकर ट्रेन में बैठ गया।
उसने बैग में कुल एक लाख रुपए रखा था, जिसमें से 50 हजार रुपए चोरी हो चुके थे। प्रार्थी ने तत्काल इसकी खबर जीआरपी थाने में दी, लेकिन स्टेशन के बाहर घटना होने व तारबाहर थाने का मामला बताकर जीआरपी ने उसे चलता कर दिया।
घटना का शिकार व्यक्ति जीआरपी की सलाह पर तारबाहर थाने पहुंचा, लेकिन यहां भी उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। तारबाहर पुलिस ने उसे बताया कि चूंकि घटना रेलवे स्टेशन में हुई है, इसलिए उसकी रिपोर्ट जीआरपी दर्ज करेगी।
जीआरपी और तारबाहर पुलिस के चक्कर में उलझा अजय यादव दिन भर परेशान रहा, लेकिन उसकी रिपोर्ट कहीं दर्ज नहीं हो सकी। इस संबंध में जीआरपी और तारबाहर थाने में संपर्क करने पर पता चला कि दोनों थानों में मामले की जानकारी तो है, लेकिन इस घटना की कायमी कहीं नहीं है।