अजमेर. राजस्थान वित्त निगम लंबे समय से डूबत में चल रहे लगभग 51 लाख रुपए वसूलने के लिए संभाग के चार उद्यमियों की इकाइयां नीलाम करेगी। शुक्रवार को निगम मुख्यालय ने चारों इकाइयों की सूची जारी की।
निगम के महाप्रबंधक (विकास) की ओर से जारी निर्देशों में उल्लेख किया गया है कि ब्यावर के रीको औद्योगिक क्षेत्र द्वितीय फेज में स्थित गणपति वस्त्र उद्योग पर लगभग 4.5 लाख रुपए का कर्ज बकाया है। मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन था। अब कोर्ट ने फैसला निगम के पक्ष में कर दिया है। मकराना के गुनावटी बोरावड़ बाईपास पर स्थित भींचर मार्बल उद्योग के मालिक पर निगम केलगभग 17 लाख रुपए बाकी हैं। इसे वसूलने के लिए निगम ने 1 बीघा 17 बिस्वा क्षेत्र भूमि और संयंत्र नीलाम करने का निर्णय किया है।
नांवा के बिंदू साल्ट के मालिक पर 25 लाख रुपए का कर्ज बकाया है और नागौर के गांव खाकरकी की मनोज साल्ट इकाई के मालिक पर 5 लाख रुपए का कर्ज बकाया है। दोनों की क्रमश: 20 बीघा और 2.31 हेक्टेयर जमीन व संयंत्रों को नीलाम किया जाएगा।