बीकानेर. एक दिन पूर्व पानी को लेकर समाप्त हुए कोलायत विधायक देवीसिंह भाटी के आंदोलन का असर दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को नहर विभाग ने 100 क्यूसेक पानी कोलायत लिफ्ट में छोड़ दिया जबकि बरसलपुर लिफ्ट में 138 क्यूसेक से बढ़ाकर 300 क्यूसेक पानी कर दिया गया।
इसके अलावा चारणवाला लिफ्ट में भी 150 क्यूसेक पानी चलाया जा रहा है। आंदोलन में मुख्यमंत्री का हस्तक्षेप होने से द्वितीय चरण को नहर फीडर का आधा हिस्स दिया जा रहा है। आरडी 620 पर 1600 क्यूसेक पानी दिया गया जबकि हरिके बांध से 3300 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। कंवरसेन लिफ्ट में भी 150 क्यूसेक पानी चलाया जा रहा है।
400 क्यूसेक के करीब जैसलमेर को पानी दिया जा रहा है। मुख्य अभियंता ने शुक्रवार को पानी की समीक्षा की तथा पंजाब से मिलने वाले संभावित पानी के सप्लाई की तैयारी भी कर ली गई है। गौरतलब है कि पीने के पानी को लेकर पूर्व सिंचाई मंत्री देवीसिंह भाटी ने दो दिन भूख हड़ताल कर आंदोलन शुरू किया था। गुरुवार रात सीएम ने पंजाब से 4500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी देने का आश्वासन दिया था।
प्रथम चरण के मुख्य अभियंता की गतिविधियों पर भी नजर रखने का आश्वासन दिया था। पानी के वितरण में कोई नाइंसाफी नहीं होने दी जाएगी। इसी दबाव के कारण ही शुक्रवार को कोलायत, बरसलपुर व चारणवाला में पानी चलाया गया। यदि सीएम के वादे के मुताबिक अतिरिक्त पानी मिलता है तो सात मई के बाद गजनेर, दंतौर व भूरासर माइनर में भी पानी चलाया जाएगा। वादा कलेक्टर व आईजीएनपी अधिकारियों ने देवीसिंह भाटी से किया था।