कोटा. भास्कर में 1 मई के अंक में प्रकाशित खबर ‘इधर मंदिर, उधर मयखाने’ के बाद जिला आबकारी विभाग हरकत में आ गया। शुक्रवार को मंदिरों के आगे से शराब की दुकानों पर लगे विज्ञापन बोर्ड हटवाए और मंदिरों पास स्थित शराब की दुकानों की जांच शुरू कर दी।
सहायक आबकारी अधिकारी विजय कृष्ण व्यास ने बताया कि खबर के बाद सीआई को ऐसी दुकानों पर लगे विज्ञापन बोर्ड हटाने के निर्देश दिए गए। इस पर सीआई इन दुकानों पर मय जाप्ता गए और ऐसे बोर्ड को देखा।
इनमें से अधिकतर दुकानों पर से बोर्ड हटाए जा चुके थे। जिन पर लगे हुए थे उन पर बोर्ड हटवा दिए गए हैं। विभाग द्वारा ऐसी दुकानों की जांच की जा रही है। जो नियमानुसार नहीं लगाई गई हैं या जो मंदिर के बिलकुल निकट हैं। जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।