HomeNewsRajasthanKota Kota

22 करोड़ का बंद

कोटा. भाजपा की ओर से महंगाई के विरोध में शुक्रवार को हुए देशव्यापी बंद का कोटा में मिला-जुला असर रहा। सिर्फ बाजार बंद कराने की घोषणा में भी भाजपा को पूरी सफलता नहीं मिली। प्रमुख बाजारों में छिट-पुट दुकानें खुली रहीं जबकि, कॉलोनियों की दुकानों पर दिनभर खरीदारी चलती रही।

इस बीच, कैथूनीपोल पुलिस थाने के पास कांग्रेस कार्यकर्ता की दुकान को जबरन बंद कराने को लेकर कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। भाजपा व कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की समझाइश से मामला शांत हुआ। झगड़े में एक जने के चोट आई है।

गुमानपुरा क्षेत्र में डेयरी की दुकान बंद कराने के दौरान भाजपाइयों की गुमानपुरा पुलिस से कहा-सुनी हुई। छावनी में कांग्रेस कार्यकर्ता की दुकान बंद कराने के दौरान भी हंगामा हुआ। दादाबाड़ी रोड पर एक शोरूम को भी भाजपाइयों ने जबरन बंद कराया। तलवंडी चौराहे पर कांग्रेसी कार्यकर्ता हिम्मतसिंह हाड़ा व अन्य कार्यकर्ताओं की बंद कराने निकले भाजपाइयों से गर्मा-गर्मी हो गई।

भाजयुमो के शहर जिलाध्यक्ष रौनक आनंद तथा महामंत्री हितेंद्र शर्मा के नेतृत्व में बनाई गई टोलियों ने पूरे कोटा में घूम-घूमकर बंद कराया। हालांकि शॉपिंग सेंटर, गुमानपुरा, रामपुरा, कोटड़ी, विज्ञान नगर, तलवंडी, टिपटा, पाटनपोल, बजाज खाना आदि इलाकों में कुछेक दुकानों को छोड़कर बाजार बंद रहे। खाई रोड, लाडपुरा, नयापुरा, मोटर मार्केट, गुमानपुरा स्थित मावा मंडी खुली रही। केशवपुरा तथा महावीर नगर में भी असर आंशिक रहा।

महापौर भी निकले बंद कराने : महापौर मोहनलाल महावर भी अन्य पार्षदों के साथ बंद कराने निकले। इस दौरान महंगाई के विरोध में जोरदार नारे भी लगे।

नहीं खरीद पाए शादी का सामान
बाजार बंद होने के कारण गांव से ट्रैक्टर लेकर शादी के लिए सामान खरीदने आए ग्रामीण को खाली हाथ लौटना पड़ा।

ट्रेनों व अस्पतालों पर असर नहीं
मंहगाई के विरोध में भाजपा के कोटा बंद के दौरान ट्रेनों का संचालन आम दिनों की तरह होता रहा। इसी प्रकार अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर भी इसका कोई असर नहीं पड़ा। आरपीएफ के कमांडेंट जितेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को ट्रेनों का संचालन आम दिनों की तरह होता रहा।

शहरी परिवहन व्यवस्था में व्यवधान नहीं होने के कारण ट्रेन पकड़ने के लिए यात्री आसानी से स्टेशन तक पहुंचे। उधर, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सुबह 8 से दोपहर दो बजे तक अस्पताल का आउटडोर खुला रहा।

महिलाओं ने सड़कों पर नारे लगाए
भाजपा महिला मोर्चा ने शुक्रवार को कोटा बंद के दौरान सड़कों पर नारे लगाए और केंद्र सरकार को चेताया कि या तो महंगाई कम करो या फिर गद्दी छोड़ो। मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनीता मीणा और जिला मंत्री प्रतिभा दीक्षित की अगुवाई में महिलाओं ने विज्ञान नगर से जुड़े पांच वार्डे में घूम-घूमकर दुकानें बंद कराई। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुमन श्रांगी जिलाध्यक्ष प्रभा तंवर, पार्षद शहनाज कुरैशी, मधु शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ शहर में निकलीं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: