HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

सरकारी बोर्ड की भर्ती में भाई-भतीजावाद!

चंडीगढ़एचसीएस अफसरों के बाद अब एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की ओर से की गई असिस्टेंट सेक्रेटरी की भर्ती भी हाईकोर्ट की जांच के दायरे में आ गई है। हुड्डा सरकार के शासनकाल में हुई इस भर्ती में भाई-भतीजावाद, रिकॉर्ड से छेड़छाड़ और सत्तापक्ष के करीबियों को नौकरी देने के आरोप लगे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट के जस्टिस हेमंत गुप्ता और जस्टिस मोहिंद्र पाल की बैंच ने हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन से इस भर्ती का पूरा रिकॉर्ड छह मई तक अदालत में जमा करवाने को कहा है। बैंच ने कहा कि अगर कमीशन ने 6 मई तक रिकॉर्ड जमा नहीं करवाया तो कोर्ट आठ मई को इस संबंध में आगे के निर्देश जारी करेगा। बैंच ने हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के चेयरमैन नंदलाल पूनिया, सेक्रेटरी पी.डी. वर्मा, राज्य सरकार और जनरल केटेगरी के सभी सिलेक्ट उम्मीदवारों को नोटिस जारी कर उनसे 18 जुलाई को अदालत में अपना पक्ष रखने के लिए कहा है।

अदालत ने यह आदेश आदमपुर (हिसार) निवासी विरेंद्र कुमार की याचिका पर सुनवाई के बाद दिए। प्रार्थी का, जो लिखित परीक्षा पास करने में केवल दो अंक से रह गया था, कहना है कि उसने भर्ती से संबंधित आरटीआई के तहत जानकारी मांगी थी लेकिन राज्य सूचना आयोग के निर्देशों के बावजूद स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने जानकारी मुहैया नहीं करवाई। उसका आरोप था कि कमीशन भर्ती से संबंधित रिकॉर्ड खुर्द-बुर्द कर सकता है इसलिए इसकी जांच की जाए।

2007 में हुई थी भर्ती

वर्ष 2007 में हरियाणा एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड में असिस्टेंट सेक्रेटरी के पदों पर भर्ती की गई थी। आरोप है कि इस भर्ती में जनरल केटेगरी के सिलेक्ट किए गए नौ उम्मीदवारों में से छह सत्ता के करीबी या रूलिंग पार्टी के राजनीतिज्ञों के रिश्तेदार हैं।

कौन किसका करीबी

>> जगजीत सिंह (रोल नंबर 4692) विधानसभा स्पीकर रघुबीर सिंह कादियान का भतीजा है।>> धर्म राज दांगी (रोल नंबर 828) महम से कांग्रेस विधायक आनंद सिंह दांगी का भतीजा है।>> सुलतान सिंह (रोल नंबर 3879) कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के रिश्तेदार शेर सिंह का बेटा है।>> ज्योति धनखड़ (रोल नंबर 1372) झज्जर जिला परिषद की चेयरपर्सन बिमला धनखड़ की बेटी है।>> भगवान (रोल नंबर 566) मार्केटिंग बोर्ड के पूर्व सचिव और मुख्यमंत्री के नजदीकी रिश्तेदार का बेटा है।>> नियुक्त होने वाली एक उम्मीदवार सिलेक्शन कमीशन के ही एक आला अधिकारी की बेटी है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: