भोपालभारतीय हाकी टीम की चयन समिति के नव नियुक्त अध्यक्ष असलम शेर खान शुक्रवार को भारतीय हाकी के पूर्व उपाध्यक्ष गुफरान आजम के घर पहुंचे। वैसे तो इसे एक सौजन्य भेंट कहा जा रहा है, लेकिन भोपाल हाकी के जानकार इसके कई मतलब निकाल रहे हैं। इस मेल मिलाप से तरह-तरह की चुनावी बातें हवा में तैरने लगी हैं।
हालांकि गुफरान आजम ने इस बात से इंकार किया कि चुनाव को लेकर कोई चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि असलम सिर्फ सलाह मशिवरा के लिए आए थे कि वह हाकी को कैसे चलाए।
बाद में असलम शेर खान भापाल हाकी एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष स्व. विजय गुप्ता के घर भी पहुंचे, जहां उन्होंने अजय गुप्ता से चर्चा की। अजय गुप्ता भोपाल हाकी एसोसिएशन की एडहाक कमेटी के संयोजक रह चुके हैं। असलम शेर खान ने कहा कि वह भोपाल की हाकी को एक बार फिर चमकते हुए देखना चाहते हैं। वह सभी को एक मंच पर लाना चाह रहे हैं।