जयपुरआईपीएल में रविवार को यहां एसएमएस स्टेडियम पर मेजबान राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्ज से होगा। वार्न ब्रिगेड जहां लगातार पांचवीं जीत दर्ज कर अंक तालिका में शीर्ष पर आना चाहेगी, वहीं पिछले मैच में दिल्ली से हारने के बाद सुपर किंग्ज टूर्नामेंट में फिर से अपनी बादशाहत बनाए रखने की कोशिश करेंगे। रॉयल्स की तरह किंग्ज टीम भी अब तक पांच मैच में सिर्फ एक मैच हारी है। धोनी के लड़ाकों के लिए यह सफर आसान नहीं होगा, क्योंकि वार्न अपनी चतुराई भरी कप्तानी से इस बार फिर सभी को चौंकाने के लिए तैयार हैं। रॉयल्स के खिलाड़ी इतनी जदर्बस्त फॉर्म में हैं कि उनके जीत के सिलसिले को रोकने के लिए माही की टीम को एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ेगा।
नए पिच पर होगा मैच
रविवार के मैच के लिए इस बार नया पिच (वेस्ट साइड वाला) काम में लिया जाएगा, जो बल्लेबाजों के अनुकूल रहेगा। पिच क्यूरेटर तापोष चटर्जी व अब्दुल सईद ने बताया कि इस पिच पर 200 रन का स्कोर आसानी से खड़ा किया जा सकेगा। रात का मैच होने के कारण अंतिम पांच ओवर में ओस की भूमिका हो सकती है। हल्की घास के इस पिच पर स्पिनर्स को कम ही मदद मिलने की संभावना है।
किसमें कितना है दम
जोश में रॉयल्स :
शेन वार्न की अगुवाई वाली रॉयल्स की टीम अपने घरेलू मैदान पर लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी।। बल्लेबाजी की बागडोर जहां फॉर्म में चल रहे स्मिथ, असनोदकर, यूसुफ पठान और वाटसन के हाथों में होगी, वहीं गेंदबाजी का जिम्मा कप्तान वार्न, वाटसन, यूसुफ पठान, मुनाफ पटेल और सिद्धार्थ त्रिवेदी संभालेंगे।
दबाव में किंग्स :
हेडन, माइकल हूसे और जैकब ओराम के स्वदेश लौटने से सुपर किंग्स की बल्लेबाजी काफी कमजोर हो गई है। डेयरडेविल्स के खिलाफ शुक्रवार को टीम को 170 रनों का आंकड़ा छूने में पसीने छूट गए। हालांकि मखाया एनटिनी, एल्बी मोर्केल और मुरलीधरन के होने से टीम की गेंदबाजी अभी भी सशक्त है। किंग्स की टीम पहली हार के बाद यहां आई है, जबकि रॉयल्स लगातार जीत दर्ज कर रही है। ऐसे में किंग्स की टीम दबाव में रहेगी।
जादूगरों में जंग
विश्व के दो सर्वश्रेष्ठ स्पिनर शेन वार्न व मुरलीधरन लंबे अर्से बाद एक दूसरे के सामने होंगे। जयपुर गवाह बनेगा इन महान स्पिनर्स की उंगलियों की बाजीगरी का। मुरली ने हाल ही वार्न का सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट का रिकॉर्ड तोड़ा था। देखना होगा कि बल्लेबाजों के लिए मददगार इस विकेट पर ये दोनों गेंदबाज किस तरह बल्लेबाजों को अपने जाल में फंसाते हैं। टूर्नामेंट में अब तक वार्न भारी पड़े हैं। उन्होंने पांच मैचों में सात विकेट चटकाए हैं, जबकि मुरली चार मैचों में तीन विकेट ही हासिल कर सके हैं।
टीमें : राजस्थान रॉयल्स
शेन वार्न (कप्तान), ग्रीम स्मिथ, शेन वाटसन, डिम्रिटी मैस्कारेनहास, यूसुफ पठान, मुहम्मद कैफ, महेश रावत, रवींद्र जडेजा, दिनेश सालुंके, सिद्धार्थ त्रिवेदी, मुनाफ पटेल, सोहैल तनवीर व पंकज सिंह में से।
चेन्नई सुपरकिंग्ज
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), पार्थिव पटेल, स्टीफन फ्लेमिंग, एस. विद्युत, मोर्केल, सुरेश रैना, एस. बद्रीनाथ, जोगिंदर शर्मा, मखाया एनटिनी, मनप्रीत गोनी व मुरलीधरन।