News
Metros
Chandigarh Chandigarh पंचकूलायहां ताऊ देवी लाल स्टेडियम में बीते 4 अप्रैल को आईसीएल मैच के प्रेक्टिस सेशन के दौरान गेंद मुंह/जबड़े पर लगने से घायल हुई सेक्टर-20 की अंजू मेहंदीरत्ता ने मैच के आयोजकों और हुडा के खिलाफ कंज्यूमर फोरम पंचकूला में शिकायत देकर 20 लाख रुपए हर्जाना मांगा है।
फोरम ने अंजू की शिकायत पर आईसीएल मैच के आयोजक एस्सल स्पोट्र्स प्राइवेट लिमिटेड, आईसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कपिल देव, वाइस चेयरमैन किरण मोरे और हुडा के इस्टेट ऑफिसर को नोटिस जारी कर अगली सुनवाई 19 मई के लिए तय की है। गौरतलब है कि हादसे के वक्त अंजू शाम करीब 6.30 बजे क्रिकेट पेवेलियन में परिवार सहित वीआईपी ब्लॉक में अपनी सीटें तलाश रही थीं।
इस दौरान पिच पर प्लेयर्स प्रेक्टिस कर रहे थे कि अचानक हवा में उड़ती गेंद अंजू के मुंह (जबड़े) पर आ लगी। इसके चलते अंजू इस कद्र घायल हुई कि उन्हें 13 टांके लगे थे। अंजू के पति मुकेश मेहंदीरत्ता के अनुसार अंजू अब तक पूरी तरह से ठीक नहीं हरुई है और उनका इलाज चल रहा है। अंजू को क्रिकेट पेवेलियन में फस्र्ट एड के लिए लेकर गए, लेकिन वहां मौजूद एक डॉक्टर ने अंजू के मुंह पर रुई लगाकर पट्टी बांधकर उसे अस्पताल ले जाने को कह दिया था।
मुकेश ने डॉक्टर और आईसीएल के अधिकारियों से एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा तो जवाब मिला कि एंबुलेंस की व्यवस्था सिर्फ प्लेयर्स और आईसीएल के अधिकारियों के लिए है, आम लोगों के लिए नहीं। अंजू के वकील ने ‘भास्कर’ को बताया कि कंज्यूमर फोरम से कहा है कि वह मैच के आयोजकों और हुडा से हर्जाना मुंह पर लगी चोट, मानसिक आघात, हैरेसमेंट, असुविधा और चोट लगने से हुए डिप्रेशन के एवज में मांग रही हैं। जिस तरह गेंद मुंह पर लगी, समय रहते इलाज न मिलने से उसकी जान को भी खतरा हो सकता था। उसे चोट ऐसी लगी कि वह अब तक न तो कुछ खा सकती है और न ही ठीक से बोल सकती हैं। जबड़े पर चोट से चेहरे की बनावट भी बिगड़ गई है।