HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

लम्बे समय के लिए करें निवेश

जयपुरअगर आप बतौर निवेशक स्टॉक मार्केट से रिटर्न चाहते हैं तो निवेश लंबे समय के लिए करें। निवेशक अपनी पसंद के एक सेक्टर पर फोकस करते हुए कम उम्र में निवेश करना शुरू कर दे। यह निष्कर्ष निकला दैनिक भास्कर और सीएनबीसी आवाज चैनल की ओर से आयोजित सेमिनार ‘कैसे बनें स्मार्ट इन्वेस्टर’ में। शनिवार को महाराणा प्रताप सभागार में हुए इस सेमिनार में शेयर बाजार के विशेषज्ञों रमेश दमानी, आनंद राठी और एसपी तुलसियान ने बड़ी संख्या में आए निवेशकों को निवेश के गुर सिखाए और मार्केट संबंधी सवालों के जवाब दिए।

सीएनबीसी आवाज चैनल के एडिटर संजय पुगलिया ने मेहमान वक्ताओं का परिचय देते हुए कहा कि इस सेमिनार को आयोजित करने का उद्देश्य निवेशकों की समझ बढ़ाना है। उन्होने कहा कि इससे पहले इंदौर में इसी प्रकार का सेमिनार काफी सफल रहा। बांबे स्टॉक एक्सचेंज के पूर्व अध्यक्ष और आनंद राठी ग्रुप के चेयरमैन आनंद राठी ने कहा कि रिटर्न और रिस्क का चोली दामन का साथ है।

निवेशक को चाहिए कि वह रिस्क, निवेश की अवधि, निवेश की लिक्विडिटी और असैट अलोकेशन का ध्यान रखे तो बेहतर रिटर्न पा सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच सालों तक मार्केट अच्छा रहेगा। हमारी सेविंग रेट भी बढ़ी है और जीडीपी भी बढ़ेगी।

बीएई सदस्य रमेश दमानी ने करिश्मा-करीना मॉडल के जरिए समझाया कि कम उम्र में निवेश करने से कैसे ज्यादा रिटर्न पाए जा सकते हैं। स्टॉक मार्केट की समझ बढ़ाने के लिए पढ़ने की महत्ता पर भी बात की।

प्रीमियम इन्वेस्टमेंट्स के सीईओ एसपी तुलसियान ने पांच सेक्टर्स में निवेश करने की सलाह देते हुए कहा कि अगर आने वाले समय में इन पांच सेक्टर्स पर निवेश किया जाए तो शर्तिया फायदा होगा। इन पांच सेक्टर्स में निवेश करने पर कम से 15 फीसदी फायदा तो तय है।

इससे पहले दैनिक भास्कर समूह के चेयरमैन रमेश अग्रवाल ने कहा कि जो निवेशक एक सप्ताह में एक लाख रुपए का फायदा एक महीने में कमाना चाहता है, उसे एक लाख रुपए गंवाने के लिए भी राजी होना चाहिए। उनके अनुसार वर्तमान परिदृश्य में भारत में पैसा तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले समय में देश की विकास दर में स्टॉक मार्केट की अहम भूमिका रहेगी।

मानसून, जीडीपी इन्फेलेशन और राजनीति पर निगाह रखिए। स्मार्ट इन्वेस्टर बन जाएंगे।

— संजय पुगलिया, एडिटर सीएनबीसी आवाज चैनल

स्टॉक को बदलते रहना चाहिए। वैसे कुछ सालों में कमोडिटी और रियल एस्टेट की प्रेजेंस बढ़ी है।

एसपी तुलसियान, सीईओ, प्रीमियम इन्वेस्टमेंट्स

अपनी समझ बनाना जरूरी है। ऐसा करके ही एक निवेशक आमदनी को धन में बदल सकता है।

रमेश दमानी, बीएसई सदस्य

स्टॉक मार्केट में केवल इन्वेस्टर और ट्रेडर ही पैसा कमाते हैं। इसलिए इन्वेस्टर बनें ना कि गैम्बलर।

आनंद राठी, पूर्व अध्यक्ष बीएसई





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: