bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

किरोड़ी ने कहा दौसा कलेक्टर अपराधी

जयपुर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ.किरोड़ीलाल मीणा ने गनमैन और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को अपने सम्मान से जोड़ लिया है। इस मामले में उन्होंने पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह गलत बताते हुए दौसा कलेक्टर को अपराधी तक कह डाला है। मीणा ने कहा कि गनमैन व कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का मतलब उनकी खुद की गिरफ्तारी है। इस मामले में वे सरकार का सारा भ्रम दूर कर देंगे। इस बीच पूरे मामले की जांच सीआईडी (सीबी) को सौंप दी गई है।

उन्होंने शनिवार को मुख्यमंत्री वसुंधराराजे से मुलाकात की और कहा कि पुलिस के अफसर उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं। इससे पहले मीणा को मनाने के लिए जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण गुप्ता और संसदीय सचिव ओम बिड़लाउनके घर गए। मीणा ने दोनों नेताओं को कहा कि उनके कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हुआ है। पुलिस और जिला प्रशासन गलत काम रहे हैं। सरकार को इन अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। इसके बाद मीणा को मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए कहा गया। दोपहर बाद मीणा मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे।

मंत्री पद छोड़ने के बाद मीणा की मुख्यमंत्री से यह पहली मुलाकात थी। इससे पहले मीणा सद्भावना यात्रा निकालने, रैली करने, मुख्यमंत्री सर्वजन संबल अभियान में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (नरेगा) के कैंप में हंगामा खड़ा करने, दौसा कलेक्टर के शिकायती पत्र को लेकर विवादों में रहे हैं। दौसा जिले के मंगलम मिडवे में हुई घटना के बारे में वे पार्टी के अध्यक्ष, संगठन महामंत्री के समक्ष अपना पक्ष पहले ही रख चुके हैं।

मित्रता के नाते मिलने गया था : गुप्ता

जनअभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष एस.एन.गुप्ता ने कहा कि किरोड़ी उनके मित्र हैं और उनकी तबीयत खराब होने के कारण उनसे मिलने गया था। बाकी और किसी मामले की जानकारी मुझे नहीं है।

गनमैन को जेल भेजा : इस बीच पूर्व मंत्री के गनमैन सहित तीन लोगों को कोर्ट ने जेल भेज दिया।

बालाजी मोड़ स्थित एक होटल में पूर्व मंत्री डा. किरोडीलाल मीणा एवं समर्थकों द्वारा पथराव के मामले गिरफ्तार उनके गनमैन सहित 3 जनों को शनिवार को अदालत ने जेल भेज दिया।

पुलिस ने शनिवार को पूर्व मंत्री के गनमैन मुनेश मीणा व समर्थक भोलूराम बैरवा निवासी फूलेरा तथा रामकेश मीणा निवासी गंगवाना को बांदीकुई अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

.. तो राजनीति छोड़ दूंगा

मीणा ने कहा कि दौसा के जिला कलेक्टर राजेश यादव अपराधी हैं। पाली में भाजपा कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने, और एक जज के खिलाफ अनुचित भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप भी यादव पर है। मीणा ने कहा कि मेरे अंगरक्षकों पर जो मुकदमे बनाए गए हैं, वे झूठे हैं। मीणा ने कहा कि अगर साबित हो जाए कि मेरे कार्यकर्ता दोषी थे तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। जो लोग उस मिडवे में ठहरे थे वे अपराधी थे और यहां के दो बड़े पुलिस अधिकारियों से उनके संपर्क थे।

पुलिस निष्पक्ष: ग्वाला

पुलिस के आईजी बी.आर.ग्वाला ने कहा कि पुलिस पूरी तरह निष्पक्ष है। उस पर किसी का भी दबाव नहीं है। जो भी हो रहा है, वह कानून सम्मत है। मीणा के खिलाफ मामला सीआईडी को सौंप दिया गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड:
 

आपके विचार
Dr.R.K.Deshwali
Monday, 5th May 2008, 9:58
Dr.Kirodilal Meena is a senior leader of BJP .He is from sngh pariwar he can"t do violation of law.Action taken by DOSA colecter is totally wrong.this seems to be a political action.But as I know Dr.kirodi is a so honest and strong person that he will not be under pressor of Govt.