जालंधरपाक में कैद सरबजीत की बहन दलबीर कौर का मानना है कि भारत को पाकिस्तान से रिश्ते मजबूत करने के लिए संसद पर हमले के दोषी मोहम्मद अफजल को रिहा कर देना चाहिए। उन्होंने सरबजीत सिंह की रिहाई की उम्मीद भी जताई। लाहौर स्थित कोट लखपत जेल के अफसर के पढ़े गए सरबजीत की फांसी पर अगले आदेश तक रोक संबंधी बयान के बाद दलबीर कौर ने यहां शनिवार को प्रैस क्लब में पत्रकारों से यह बात कही।
बर्नी से हुई बात की जानकारी दी
दलबीर कौर ने कहा कि संसद पर हमले के दोषी अफजल को भी भारत सरकार को रिहा कर देना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने पाक के पूर्व मानवाधिकार मंत्री अंसार बर्नी से शुक्रवार रात फोन पर हुई बातचीत की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बर्नी ने भी सरबजीत की जल्द रिहाई की उम्मीद जताई है। दलबीर ने बर्नी की इंसानियत के लिए लड़ी गई लड़ाई की सराहना की।
अफजल को भी ..
मीडिया का शुक्रिया अदा करते हुए दलबीर कौर ने कहा कि 18 साल से मुश्किल का सामना कर रहे भाई की वतन वापसी में मीडिया की बड़ी भूमिका रहेगी। वे बोलीं कि अखबारों के जरिये ही उन्हें सरबजीत को सारी बातें पता चलती हैं।
उन्होंने भारत-पाक सरकार से अपील की है कि दोनों मुल्कों के कैदियों को इंसानियत के नाते माफ कर देना चाहिए। पाक नागरिक भी चाहते हैं कि भारत-पाक के रिश्ते मजबूत हों। इस बाबत उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से बात की थी।
कोई मां आतंकवादी नहीं पैदा करती दलबीर ने कहा, ‘कोई मां आतंकवादी को जन्म नहीं देती। सरकार को तफ्तीश करनी चाहिए कि कौन लोग हैं जो आंतकवाद की ओर उन्हें धकेल रहे हैं। पाकिस्तान एक कानून बना रहा है जिससे पाक जेलों में बंद बेगुनाह कैदियों को राहत मिल सकेगी।’
कैदियों की लिस्ट दी
पाकिस्तान के मानवाधिकार संगठन के ब्रिगैडयिर के आबीद हमीद ने दलबीर कौर को भारतीय जेलों में बंद कैदियों की लिस्ट दी। लिस्ट में 45 कैदियों का नाम है, जो तिहाड़, बरेली और अमृतसर की जेलों में बंद हैं। दलबीर ने बताया कि हमीद ने कहा था कि अगर पाकिस्तान सरबजीत को रिहा कर सकता है तो भारत को भी उनके कैदी रिहा करने चाहिए। हमीद ने कहा था कि ‘दूसरे को झुकाने वाला खुद भी झुकता है’।
दो महिला कैदियों की हालत ठीक नहीं
दलबीर कौर ने खुलासा किया कि उन्होंने जेल में दो भारतीय महिलाओं को देखा जो अपना मानसिक संतुलन खो चुकी हैं। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से उनके इलाज की मांग की।