अजमेर. उत्तर-पश्चिम रेलवे में ग्रुप डी के 2 हजार 401 पदों के लिए लिखित परीक्षा 4 मई को अजमेर, जोधपुर, जयपुर और बीकानेर मंडल के परीक्षा केंद्रों पर होगी। मुख्य कार्मिक अधिकारी (भर्ती) सुनील शर्मा ने बताया कि अजमेर मंडल में अजमेर के 56 ब्यावर में 9 किशनगढ़ में 10 परीक्षा केंद्रों पर 25 हजार 160 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा सुबह 10. 30 से दोपहर 12. 30 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों पर रेलवे के निरीक्षण दल आकस्मिक जांच करेंगे। नकल करते पाए जाने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर राजस्थान पुलिस और होमगार्ड के अलावा स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहेगा।
उल्लेखनीय है कि 8 दिसंबर 07 में अजमेर के कैरिज ग्राउंड में शारीरिक परीक्षा शुरु हुई थी, 30 मार्च तक चली शारीरिक दक्षता परीक्षा में 25 हजार 160 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए चयनित किया गया। लिखित परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच के बाद नियुक्ति दी जाएगी।