अजमेर. रोडवेज ने टोल नाका वसूली के स्लैब में परिवर्तन किया है। नई दरें लागू होने के बाद रोडवेज की उन बसों के किराए में वृद्धि होगी जो टोल नाका से होकर गुजरती हैं।
अजमेर डिपो के मुख्य आगार प्रबंधक प्रहलाद पारीक ने बताया कि पहले 20 रुपये से कम किराए पर टोल वसूली नहीं होती थी। 20 से 40 रुपये किराया और 51 से 105 किलोमीटर की यात्रा पर 1 रुपया और 40 रुपए से अधिक किराया व 105 किलोमीटर से अधिक यात्रा पर 2 रुपए टोल टैक्स वसूली किया जाता था।
उन्होंने बताया कि टोल वसूली की नई दरें लागू होने के बाद लंबी दूरी की बसों के यात्री किराए में 1 से 5 रुपये तक की वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के मार्ग में जितने टोल नाके होंगे प्रत्येक टोल नाके पर दिया जाने वाला टैक्स नई दर से लिया जाएगा। टोल वसूली की नई दरों के बाद अजमेर से सरवाड़, केकड़ी, जयपुर के किराए में 1 रुपए की वृद्धि होगी। अजमेर से दिल्ली, कोटा, उदयपुर, बीकानेर, हनुमानगढ़, गंगानगर और सीकर के किराए में दो से तीन रुपए तक की वृद्धि होगी।