HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

पुलिस से ‘स्पेशल’ क्रिमिनल

अजमेर. बिहारीगंज सात पीपली इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात चोर एक फाइनेंस कंपनी के दफ्तर के ताले तोड़ कर कम्प्यूटर, नकदी और अन्य सामान ले गए। यह थाना क्षेत्र पुलिस की स्पेशल टीम प्रभारी का है।

नसीराबाद रोड पर आदर्शनगर रेलवे पुलिया के पास स्थित फाइनेंस कंपनी एयू के प्रबंधक कपिल शर्मा ने शनिवार को अलवर गेट थाना पुलिस को बताया कि चौकीदार सुरेन्द्र ने सुबह सूचना दी कि दफ्तर के ताले टूटे हुए हैं। मौके पर पहुंच कर देखा तो ऑफिस का सामान बिखरा पड़ा था। दो कम्प्यूटर, पंखा, घड़ी और अन्य सामान गायब थे। पुलिस ने फिंगर प्रिंट उठाए और चौकीदार व अन्य लोगों से पूछताछ की। शर्मा के मुताबिक, चोर करीब पचास हजार रुपए का माल ले गए।

धूनी वाला रोकड़ा लेकर चंपत
अलवर गेट थाने के करीब चौराहे पर स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के सामने शनिवार सुबह सरेआम एक ठग, युवक को बेहोश कर तीस हजार रुपए लेकर चंपत हो गया। वारदात का शिकार युवक बैंक से रुपए लेकर निकला था। पुलिस फकीर के भेष में घूमने वालों की धरपकड़ कर रही है, लेकिन असली अपराधी पकड़ में नहीं आया है।

गुजरधरती, वीर चौक में रहने वाला यतीश चंद्रावत पुत्र गणोशसिंह सुबह करीब साढ़े दस बजे इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा के सामने बेहोशी की हालत में लोगों को मिला था। करीब आधे घंटे तक राहगीरों ने नशेड़ी समझ कर उसे हाथ नहीं लगाया, लेकिन बाद में कुछ लोगों ने उसे उठाया और मुंह पर पानी डाला। हालत सामान्य होने पर यतीश ने जेब टटोलते हुए बताया कि उसकी जेब से तीस हजार रुपए गायब हैं।

उसने बताया कि वह बैंक से रुपए निकालकर साइकिल पर घर की तरफ रवाना हुआ था। बैंक के बाहर ही उसे एक हरा कुर्ता और तहमद पहने एक व्यक्ति मिला, उसके हाथ में धूनी देने वाला पात्र था, जिसमें अंगारे थे। उसने उसे रोका और बगैर कुछ बोले अंगारों पर लोबान डाल कर धुंआ उसके चेहरे पर कर दिया। इसके बाद उसे होश नहीं रहा। लोगों ने यतीश को लेकर ठग की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। यतीश ने पुलिस को रिपोर्ट दी। इंडियन ओवरसीज बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक राजेन्द्र कुमार ने यतीश को तीस हजार रुपए के भुगतान की पुष्टि की है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: