बीकानेर. व्यवस्थाएं सुचारू नहीं होने के कारण लालगढ़ रेलवे स्टेशन पर टिकट लेने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीकानेर मंडल के अधिकारियों ने इस स्टेशन पर आरक्षण और बुकिंग विंडो की व्यवस्था एक ही स्थान पर कर दी है जिसके कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है वहीं कर्मचारी भी परेशान हो रहे हैं। पहले इस स्टेशन पर बुकिंग विंडो और आरक्षण केन्द्र अलग-अलग बने हुए थ और यात्रियों को बिना किसी दिक्कत के आसानी से टिकट मिल जाती थी। गत दिनों रेलवे अधिकारियों ने नियम का हवाला देते हुए आरक्षण केन्द्र में लगे कम्प्यूटर को बुकिंग विंडो के पास ही लगा दिया है। एक कम्प्यूटर पर रूटिन टिकट और दूसरे पर आरक्षित टिकट बनाई जाती है।
दोनों कम्प्यूटर पास-पास होने के कारण यहां पर कार्यरत कर्मचारियों को भी काफी दिक्कत आती है। यात्रियों की भीड़ के चलते यहां पर काफी शोरशराबा भी होता है जो कर्मचारियों को बात सुनने में बाधा उत्पन्न करता है और कई बार गलत टिकट भी बन जाता है।
आरक्षण केन्द्र में टिकट में गलत प्रिंट होने की स्थिति में यात्री को सबसे अधिक परेशानी होती है। पास-पास कम्प्यूटर लगा देने से रोजाना रूटिन टिकट बनाने वाले आरक्षण वाली लाइन में खड़े हो जाते है।
आरक्षण वाली लाइन में खड़े यात्री का जब नम्बर आता है और वह रूटिन टिकट मांगता है तब उसे पता चलता है कि वह गलत लाइन में था। जबकि उस समय तक रूटिन बुकिंग वाली खिड़की में आगे लंबी लाइनें लग जाती है। यात्रियों का कहना है कि आरक्षण केन्द्र की अलग से व्यवस्था करना बेहद जरूरी है। अवध-आसाम एक्सप्रेस, सूरतगढ़, आबेाहर आदि ट्रेनों की टिकट लेने आए यात्रियों ने इन दोनों कम्प्यूटरों को पास-पास लगाने का कड़ा विरोध दर्ज करवाया है।