उदयपुर. शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के साकरोदा गांव में शनिवार देर रात अधेड़ की हत्या कर दी गई। मृतक कांग्रेस का कार्यकर्ता तथा पूर्व उपसरपंच था। हमले में उसका साथी भी गंभीर घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार साकरोदा निवासी केसरसिंह (55) पुत्र भंवरसिंह देवड़ा अपने साथी रमेश नागदा के साथ गांव में ही गृहप्रवेश के समारोह से मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे साकरोदा के आगे श्मशान के पास पहुंचे थे कि दो मोटरसाइकिलों पर आए आधा दर्जन लोगों ने उनकी गाड़ी रुकवा दी। उतरते ही उन्होंने दोनों पर हमला कर दिया। सिर पर लाठी के वार से रमेश लहू-लुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने केसरसिंह पर छुरी का वार कर दिया। यह उसके पेट में लगी। केसरसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने दोनों को एमबी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने केसरसिंह को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रविवार सुबह होगा। रमेश की हालत भी गंभीर बताई गई। वह हिंदुस्तान जिंक में कर्मचारी है।