मुंबई. सुपर हिट फिल्म ‘जंगली’ के निर्माता प्रबोध मुखर्जी का शनिवार की रात में हृदयगति रुक जाने से निधन हो गया। वे 88 वर्ष के थे। उन्होंने अपनी आखिरी सांस नानावती अस्पताल में ली।
मुखर्जी के बेटे वासु ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार उत्तर-पश्चिमी मुंबई के सांताक्रूज शवदाहगृह में किया जाएगा।
‘फिल्मालय स्टूडियो’ के समृद्ध दौर में वे उसके वित्त नियंत्रक भी थे। इस स्टूडियो की स्थापना उनके बड़े भाई शशधर मुखर्जी ने की थी। उन्होंने अपने भाई के साथ मिलकर 60 और 70 के दशक में कई हिट फिल्मों का निर्माण किया था।
गौरतलब है कि प्रबोध मुखर्जी की मृत्यु अपने भतीजे निर्माता-निर्देशक शोमू मुखर्जी की मृत्यु से एक महीने बाद हुई है। शोमू मुखर्जी अभिनेत्री काजोल के पिता थे ।