News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. नई दिल्ली जा रही ट्रेन के यात्रियों को शनिवार-रविवार की दरमियानी रात लगभग दो बजे अज्ञात लुटेरों ने लूट लिया। घटना बीना-झांसी स्टेशन के बीच हुई। जानकारी के मुताबिक, जबलपुर-नई दिल्ली के बीच चलने वाली 2192 साप्ताहिक ट्रेन के एस-2 कोच में चार-पांच लुटेरों ने यात्रियों को लूटना शुरु कर दिया, कुछ ही देर में यात्री जब एकजुट होकर इनका विरोध करने लगे तो लुटेरे ट्रेन से उतर गए। फिर कोच पर पथराव कर भाग निकले।
घटना के समय मौजूद रेलवे की जबलपुर जोनल रेल उपभोक्ता समिति के सदस्य साबू ने झांसी में ट्रेन के गार्ड को इसकी सूचना दी। इसके बाद भी पुलिस व रेल अफसर ट्रेन पर नहीं पहुंचे जबकि ट्रेन अपने निर्धारित स्टापेज अवधि से 20 मिनट ज्यादा खड़ी रही।
ट्रेन ग्वालियर आ पाती, इससे पहले ही झांसी से यहां डिप्टी एसएस कार्यालय में घटना की सूचना आई। सूचना पर रेल कर्मचारी सुबह पांच बजे ट्रेन पर पहुंचे और यात्रियों की शिकायत ली। लुटेरे कितने यात्रियों से कितने का माल लूट ले जाने मे सफल हुए हैं, पता नहीं चल सका है। सदस्य साबू ने बताया कि ट्रेन रात्रि में कहीं खड़ी हुई थी, तभी बदमाश ट्रेन में चढ़ आए थे। उन्होंने यात्रियों के साथ लूट की, उसके बाद ट्रेन पर पथराव करते हुए भाग निकले।