HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

कार्यकर्ता संगठन का मेरुदंड:तोमर

ग्वालियर. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि जमीनी कार्यकर्ताओं की पार्टी के कार्यक्रमों में सम्मान के साथ भागीदारी सुनिश्चित करना संगठन का उद्देश्य है। ग्राम केन्द्र, नगर केन्द्र, जिला पदाधिकारी, सांसद, विधायकों के सुझाव पार्टी की सक्रियता और विस्तार के लिए आवश्यक है। नगर ग्राम केन्द्र, समितियों के कार्यकर्ता ही संगठन का मेरुदंड है।

कैंसर चिकित्सालय में रविवार को आयोजित भाजपा की संभागीय बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए श्री तोमर ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संगठन अजेय बन सकता है। उन्होंने नगर, ग्राम केन्द्रों से लेकर मतदान केन्द्र समिति तक की संरचना को ऊर्जित करने का आव्हान किया। भाजपा ही एक ऐसा राजनीतिक दल है जो भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए राजनीतिक क्षेत्र में काम कर रहा है। हम अपने सिद्घांतों, विचारों एवं पूर्वजों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर पार्टी एवं देश को शिखर पर ले जाएंगे।

श्री तोमर ने मतदान केन्द्र समितियों के कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, राजनीतिक परिवेश और सामाजिक संरचना में सामीप्य स्थापित करें, और जनता व मतदाताओं का विश्वास अर्जित करें।

उन्होंने कहा कि संगठन में पद महत्वपूर्ण नहीं हैं, कार्यकर्ता की स्वीकार्यता परमावश्यक है। जन स्वीकार्यता ही संगठन और पद की गरिमा बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि आज मप्र में भाजपा के पक्ष में वातावरण है व जनता दुबारा भाजपा की सरकार बनाना चाहती है, बस हमें अपनी मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक लाने का प्रयत्न करना होगा।

मंच पर श्री तोमर के अलावा प्रदेश महामंत्री संगठन माखन सिंह चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल दवे, प्रदेश सह संगठन महामंत्री भगवत शरण माथुर उपस्थित थे। संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष मायासिंह ने किया। प्रारंभ में मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया।

तत्पश्चात् पारुल बांदिल ने वंदे मातरम् का गान किया। अतिथियों का स्वागत अभय चौधरी, बज्जर सिंह गुर्जर, गुरुदेव शरण गुप्ता, नागेन्द्र तिवारी, देवेन्द्र जैन, भागचन्द सोगानी, अवधेश सिंह कुशवाह, राधेश्याम मीणा और सुभाष जैन ने किया।

इस मौके पर सांसद रामलखन सिंह, अशोक अर्गल, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष शीतला सहाय, प्रदेश सरकार के मंत्री अनूप मिश्रा, डा. नरोत्तम मिश्रा, रुस्तम सिंह, नारायण सिंह कुशवाह, बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, अजा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष पूरन सिंह पलैया, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष विवेक जोशी, महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, सभापति बृजेन्द्र सिंह जादौन, खनिज निगम के अध्यक्ष कोकसिंह नरवरिया, बीज निगम के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव, विधायक ध्यानेन्द्र सिंह, बृजेन्द्र तिवारी, कमलापत आर्य, गजराज सिंह सिकरवार, साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, मेला प्राधिकरण अध्यक्ष अनुराग बंसल, जीडीए अध्यक्ष जगदीश शर्मा, मेला प्राधिकरण उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शिवहरे, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष डा. रेखा शेटे, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष डा. सतीश सिंह सिकरवार, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कृष्णकांता तोमर आदि उपस्थित थीं।

बैठकों में संगठनात्मक विषयों पर हुई चर्चा
सबसे पहले संभागीय प्रबंध समिति की बैठक हुई जिसमें केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करने के लिए और मिशन 2008 की सफलता के लिए रणनीति तैयार की गई। बैठक में नरेन्द्र सिंह तोमर, माखन सिंह चौहान, अनिल दवे, भगवत शरण माथुर, शीतला सहाय, अनूप मिश्रा, लालसिंह आर्य, मुंशीलाल, वेदप्रकाश शर्मा, राव देशराज सिंह आदि उपस्थित थे।

बैठक के द्वितीय सत्र में ग्वालियर नगर, ग्वालियर ग्रामीण, मुरैना, भिंड एवं दतिया के तथा तृतीय सत्र में श्योपुर, शिवपुरी, अशोक नगर के संगठन मंत्री, संगठन सहायकों, जिलाध्यक्षों, महामंत्रियों, मंडल अध्यक्ष व महामंत्री, ग्राम केन्द्र एवं शहरी केन्द्र के प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में कार्यकर्ताओं की समस्याओं और स्थानीय अधिकारियों की शिकायतों का दौर भी चला।

इन बैठकों में अंचल के 1200 नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। अंतिम सत्र महत्वपूर्ण रहा, इसमें सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, शासकीय उपक्रमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष शामिल थे। बैठक में भविष्य की योजना का ब्लू प्रिंट तैयार किया गया। केन्द्र सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने के लिए कार्यक्रम भी तय किए गए।

हर कार्यकर्ता के सम्मान की रक्षा हो: चौहान
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री माखन सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता की अपनी विशेषता है। वह अनुकूल और प्रतिकूल परिस्थितियों में संगठन, समाज ओर राष्ट्र के हित में कार्य करता है। संगठन और सरकार का दायित्व है कि वह कार्यकर्ताओं के सम्मान और मर्यादाओं की रक्षा करे। कार्यकर्ताओं की चिंता हर हाल में की जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारी और सरकार के प्रतिनिधि इस दिशा में निरंतर जागरुक और सजग रहें। गांव से प्रदेश और केन्द्र तक ऐसी संवेदनशीलता होनी चाहिए जिससे कार्यकर्ता को लगे कि उसके सम्मान के प्रति सभी संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए कार्यकर्ता मानसिक रूप से तैयार हों। संगठन की श्रृंखला में जहां कहीं कमजोरी हो, उसे तत्परता से दुरुस्त किया जाना चाहिए।

सजग रहें कार्यकर्ता
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल दवे, प्रदेश सह संगठन महामंत्री भगवत शरण माथुर ने केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीति और महंगाई के खिलाफ जन आंदोलन चलाने के लिए तैयार रहने की कार्यकर्ताओं से अपील की। उन्होंने ग्राम, नगर केन्द्र एवं मंडल केन्द्र की रचना के संबंध में कार्यकर्ताओं को उपयोगी जानकारी व दिशा-निर्देश दिए। बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री संगठन माखन सिंह चौहान आदि भोपाल रवाना हो गए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: