News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. पोहरी अनुविभाग के बैराड़-मगरधा रोड स्थित महादेव घाटी पर रविवार की सुबह डकैत गिरोह ने एक जीप को रोककर दो महिला यात्रियों से छह हजार रुपए नकदी समेत मंगलसूत्र, पायलें एवं अन्य जेवरात लूट लिए। पुलिस का शक 15 हजार के इनामी डकैत वीरा जाटव गैंग पर है।
जानकारी के अनुसार गोवर्धन क्षेत्र के मगरधा गांव से बैराड़ तक चलने वाली जीप क्रमांक एमपी 08 बी 7957 रोज की तरह आज सुबह साढ़े आठ बजे यात्रियों को लेकर बैराड़ के लिए रवाना हुई थी। अभी यह जीप महादेव घाटी पर आई थी कि घाटी पर घात लगाए बैठे पांच हथियारबंद डकैतों ने ड्राइवर पर बंदूक अड़ाकर जीप को रोक लिया। डकैत संख्या में 11 थे, पर घाटी पर इनमें से पांच ही आए थे।
इनमें से तीन पर बंदूक, एक पर तमंचा और एक पर फरसा था और वे खाकी वर्दी पहने हुए थे। डकैतों ने अपने चेहरे को कपड़े से ढंका हुआ था । यात्रियों के अनुसार डकैतों ने जीप में सवार पुरुषों से लूटपाट नहीं की। उन्होंने इसमें सवार नवविवाहिता पूजा (19) पत्नी धर्मेन्द्र धानुक निवासी दुबेरा के पर्स से छह हजार रुपए पायलें, मंगलसूत्र एवं अन्य जेवरात लूट लिए।
इसी प्रकार जीप में सवार एक अन्य महिला यात्री रेवती (32) पत्नी मुकेश धाकड़ निवासी दुबेरा से पायलें, मंगलसूत्र एवं कान के जेवरात लूट लिए। डकैतों ने इस जीप के पीछे आ रही एक अन्य जीप को भी रोका, पर उसमें कोई महिला न होने से लूटपाट नहीं की। इसके बाद डकैत जंगल में समा गए।
इस लूटपाट की सूचना जीप चालकों ने बैराड़ थाने आकर दी। सूचना मिलने पर एडीशनल एसपी मिथिलेश शुक्ला, एसपी डी सी शर्मा, एसडीओपी अमित वर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि लूटपाट करने वाला गैंग डकैत वीरा जाटव का हो सकता है, जो कि पिछले कुछ दिन से इस इलाके में देखा जा रहा है।
डकैतों को देख जीप से उतर भागा बंदूकधारी यात्री
महादेव घाटी पर डकैतों ने जिस जीप में सवार महिला यात्रियों को लूटा, उसमें एक युवक कन्हैया धाकड़ निवासी कदबाई का सवार था, जिसके पास उसकी लाइसेंसी बंदूक थी। बताते हैं कि डकैतों ने जब बंदूक लगाकर घाटी पर जीप रोकी तो कन्हैया उन्हें देखकर डर गया और अपनी बंदूक लेकर जीप से उतरकर भाग गया। उसने ही डकैतों पर गोली चलाई और न ही किसी विरोध का साहस दिखाया।
मोबाइल लिया और देखकर फेंक दिया
जीप में सवार यात्री रमेश धानुक (35) निवासी दुबेरा का कहना है कि वह अपनी बहू पूजा को उसके मायके छोड़ने आ रहा था। महादेव घाटी पर डकैतों ने जब लूटपाट की तो उससे एक मोबाइल भी एक डकैत ने छीन लिया, पर उसे देखने के बाद मोबाइल जमीन पर फेंक दिया। जिसे बाद में उसने उठा लिया।
इस बात की जानकारी जब पुलिस को हुई तो पुलिस मायूस हो गई। वजह यह है कि डकैत यदि मोबाइल को ले जाते तो उसका उपयोग करते, तब पुलिस इन तक पहुंच सकती थी।
एक दिन पूर्व ही ग्रामीणों को बंधक बनाया था
महादेव घाटी पर लूटपाट करने वाला गैंग डकैत वीरा जाटव का बताया जा रहा है। गौरतलब है कि वीरा जाटव गैंग ने शुक्रवार को शिवपुरी-श्योपुर सीमा पर ऊमरी के जंगल में तीन ग्रामीणों को बंधक बनाकर उनसे राशन लूटा था और रिहाई के एवज में भी राशन वसूला था।
इस डकैत की घुसपैठ जिले में होने की सूचना शुक्रवार को ही पुलिस को लग गई थी, बावजूद इसके पुलिस गिरोह को खदेड़ नहीं पाई और मगरधा रोड पर आज सुबह यह घटना हो गई। इससे पूरे गोवर्धन, बैराड़ इलाके में भय का वातावरण बन गया है।