bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

ठाठापुर के यज्ञ मंडप में आग

कवर्धा. मुख्यमंत्री के गृहग्राम रामपुर (ठाठापुर) में चल रहे 21 कुंडीय यज्ञ मंडप में रविवार दोपहर 2 बजे तेज आंधी के बाद अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने लोग इधर-उधर भागने लगे। आग को काबू करने में आधा घंटा लगा। हादसे में जनहानि नहीं हुई है। घटना के समय मुख्यमंत्री की पत्नी वीणा सिंह व मंत्री राजेश मूणत वहां मौजूद थे।

रविवार को यज्ञ का तीसरा दिन था। यज्ञ के दौरान अचानक तेज आंधी से घास-फूंस से बनी हवन मंडप की छत ढह गई और हवन कुंड के ऊपर जा गिरी। कुंड से भड़की आग ने देखते ही देखते पूरे पंडाल को अपनी चपेट में ले लिया।

रामलीला मंडली के रामकुमार हिरवानी ने बताया कि उस समय हवन कुंड के पास 42 यजमान और 20 पंडित आहूति देने बैठे थे। आसपास सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु थे। आग के विकराल स्वरूप को देख लोगों के होश उड़ गए। जिसे जहां जगह मिली, भागने लगा।

आग से यज्ञस्थल का माइक, दरी, पोस्टर और परदे पूरी तरह से जल गए। किसी को शारीरिक नुकसान की खबर नहीं है। वहां मौजूद वीणा सिंह, राजेश मूणत और जिला पंचायत अध्यक्ष रघुराज सिंह ने तुरत-फुरत फायर ब्रिगेड और पानी के तीन टैंकरों से आग बुझाने इंतजाम करवाया। इस बीच वहां पीएचई मंत्री केदार कश्यप भी पहुंचे।

महायज्ञ के संचालक बालयोगेश्वर बालकदास के अनुसार यज्ञ खंडित नहीं हुआ है। सोमवार को मुख्यमंत्री स्वयं यज्ञ के मुख्य यजमान होंगे। अग्निकांड के तुरंत बाद जले सामान को हटाकर यज्ञ स्थल की सफाई की गई और वेदी को दुबारा बना दिया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: