News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. भाजपा संगठन ने फैसला लिया है कि रमन सिंह सरकार अब जमीन पर बैठकर लोगों को सुनेगी। सरकार गांवों में जाकर चौपाल लगाएगी। मंत्री नाराज नेताओं के घर जाएंगे, साथ भोजन करेंगे और मनाने की हरसंभव कोशिश करेंगे।
दिल्ली से आए संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को अंबिकापुर, बिलासपुर और फिर बस्तर की संभागीय बैठकों में ही कार्यकर्ताओं की नाराजगी का अहसास हो चुका था। आज यहां टाटीबंध स्थित मैरिज पैलेस में रायपुर संभाग का कार्यकर्ता सम्मेलन था।
सम्मेलन में 2000 से भी ज्यादा लोग पहुंचे। हर जिले से दो - दो लोगों को बोलने का अवसर दिया गया। मौका मिला और भाजपाइयों की नाराजगी ऐसी फूटी कि नेता हैरान रह गए। नाराजगी अकेले कार्यकर्ताओं में ही नहीं बल्कि विधायकों व पदाधिकारियों में भी थी। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल और चुनाव प्रभारी रविशंकर प्रसाद ने यहां सत्ता व संगठन के प्रमुखों के सामने लोगों को सुनना शुरू किया। लगातार 6 घंटे तक सुनवाई होती रही।
विधायक चंदूलाल साहू ने तो यहां तक कह दिया कि सरकार की प्रशासन में पकड़ नहीं है। नौकरशाह पर लगाम कसने की जरूरत है। अफसर जनप्रतिनिधियों को महत्व नहीं देते। इसी तरह का सुझाव पूर्व विधायक जागेश्वर साहू ने भी दिया। ज्यादातर कार्यकर्ताओं ने खुलकर भड़ास निकाली।
धमतरी के एक जिला पदाधिकारी ने कहा कि जब चुनाव आता है तो कार्यकर्ताओं की याद आती है। सत्ता मिलते ही कार्यकर्ताओं को भूला दिया जाता है। महासमुंद, भिलाई, दुर्ग व राजनांदगांव के लोग भी काफी बोले। मंत्रियों के व्यवहार को लेकर भी शिकायतें हरुई।
सरकार को आदेश
संगठन महामंत्री रामलाल ने आदेश दिया कि सरकार के मंत्री जनसंघ के पुराने नेताओं व हर प्रमुख कार्यकर्ताओं के घर जाएं, उनके साथ भोजन करें और खुली चर्चा करें। यदि कोई नाराजगी हो तो दूर करें। कार्यकर्ताओं की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब सरकार जमीन पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनेगी। गांव - गांव में मुख्यमंत्री और मंत्री चौपाल लगाकर शिकायतें, समस्याएं सुनेंगे। रामलाल ने साफ कर दिया कि सरकार इसे मेरा आदेश समझ ले।
कार्यकर्ताओं को उपदेश
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को समझाने की भी भरपूर कोशिश की गई। रामलाल ने कहा कि हर कार्यकर्ता टिकट का दावेदार हो सकता है, लेकिन फैसला होने के बाद सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। अनुशासन ही भाजपा की पहचान है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कोई भी शिकायत हो तो सीधे मेरे कान में कहें। हल्ला करने की जरूरत नहीं, अनुशासित होकर पार्टी में काम करें। मैं जल्द ही मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं के सुझाव और शिकायतें लेने बैठक लूंगा।
दूल्हे में खोट नहीं
संगठन महामंत्री रामलाल ने सरकार को फटकारा पर मुख्यमंत्री डा. रमन ंिसंह की तारीफ करने से भी नहीं चुके। उन्होंने मुख्यमंत्री को भाजपा का दूल्हा करार देते हुए कहा कि हमारे दूल्हे में कोई खोट नहीं है। रमन सिंह महिलाओं में ज्यादा लोकप्रिय हैं। उन्हे देखकर महिलाओं का जोश बढ़ जाता है।
महिला मोर्चा ने मांगा ज्यादा टिकट
महिला मोर्चा ने विधानसभा चुनाव के लिए ज्यादा टिकट देने की मांग रखी। संगठन प्रमुखों ने आश्वस्त भी किया कि अबकी बार 33 फीसदी टिकट देने का प्रयास होगा।
कांग्रेस से सतर्क रहें
श्री प्रसाद ने सत्ता व संगठन को कांग्रेस से सतर्क रहने की सलाह दी। उनका कहना था कि कांग्रेस ने हर हाल में सत्ता हासिल करने का प्लान बनाया है। उसकी हर गतिविधियों पर निगाह रखें और हमला बोलने कोई भी मुद्दा न छोड़ें।