News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल पर सामान लेकर जा रहे एनटीपीसी कर्मी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
सीपत पुलिस के अनुसार मूलत: झारखंड के गढ़वा निवासी छोटन कुमार पासवान पिता मुदलिका राम एनटीपीसी में मजदूरी करता था। रविवार की सुबह 11:30 बजे वह अपनी साइकिल पर बिजली का तार व बल्ब लेने के लिए गया।
तार लेकर वह एनटीपीसी के लिए वापस लौट रहा था कि नवाडीह पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार से आ रहे डंपर क्रमांक सीजी 04, जेडबी 0787 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। उसे गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को कुछ दूर पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
दूसरी घटना में चिरमिरी से कोयला लेकर रायपुर के लिए निकला तेज रफ्तार ट्रक बंजारीघाट मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं हेल्पर घायल हो गया। बेलगहना चौकी पुलिस के अनुसार गोदरीपारा, चिरमिरी निवासी 35 वर्षीय संजय उर्फ राजू पनिका पिता शिवबालक ट्रक ड्राइवर था। शनिवार को वह ट्रक क्र. सीजी 04, जेए 4059 में कोयला लेकर चिरमिरी से रायपुर के लिए निकला।
वह काफी तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। उसके साथ ट्रक में हेल्पर चिरमिरी निवासी कैलाश पीपरा भी बैठा हुआ था। रात लगभग 8:45 बजे वे बेलगहना के पास बंजारीघाट मोड़ पहुंचे। तेज रफ्तार में होने की वजह से मोड़ में संजय ट्रक को संभाल नहीं पाया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक के नीचे से ड्राइवर और हेल्पर को निकाला। संजय के सिर, हाथ, पैर में गंभीर चोट लगी थी और उसने दम तोड़ दिया था। वहीं कैलाश के सिर व पैर में काफी चोट थी। उसे तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।