अमृतसर.जिला परिषद चुनावों को लेकर अकाली भाजपा गठबंधन में दरार बढ़ गई है। भाजपा ने मांगी गई 75 सीटों को प्रतिष्ठा का सवाल बनाते हुए इन्हें जीतने के लिए जिला स्तर पर निर्देश भी दे दिए हैं। शनिवार को देर शाम शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल के चंडीगढ़ स्थित निवास पर हुई बैठक बिना किसी फैसले के खत्म हो गई।
सुखबीर की बात को सिरे से नकारा
उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, जिला परिषद चुनावों को लेकर अकाली-भाजपा प्रत्याशियों में टकराव को देखते हुए सुखबीर बादल ने बैठक बुलाई थी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से भी इस बाबत संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने उन्हें प्रदेश नेतृत्व से ही बात करने की सलाह दी। बैठक में शिअद प्रधान ने भाजपा नेताओं को अपने प्रत्याशी वापस लेने के लिए कहा, जिसे भाजपा ने सिरे से नकार दिया।
हर हाल में जीतने के निर्देश दिए
बैठक के बाद से ही भाजपा ने अपने जिला प्रधानों को ये सीटें हर हाल में जीतने के निर्देश दे दिए हैं। गांवों में अपना आधार तलाशने के लिए भाजपा 75 सीटों की मांग पर अड़ी है, जबकि शिअद उन्हें 50 से कम सीटें देना चाहता है। खास बात तो यह है कि इन 50 सीटों पर भी शिअद ने भाजपा से कोई ठोस बातचीत नहीं की है।
सीटों के मुद्दे..
बैठक में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार दलजीत सिंह चीमा, कैप्टन कंवलजीत सिंह, भाजपा प्रदेश प्रधान प्रो. राजिंदर भंडारी, प्रदेश महासचिव कमल शर्मा, सांसद नवजोत सिंह सिद्धू, स्थानीय निकायमंत्री मनोरंजन कालिया आदि उपस्थित हुए। कालिया ने बैठक की पुष्टि तो की, लेकिन सीटों और अकाली दल से मतभेद को लेकर कुछ भी कहने से इनकार किया।
विस उपचुनाव पर पड़ेगा असर!
अकाली-भाजपा गठबंधन में बढ़ी कड़वाहट का असर इस सरकार के पहले उपचुनाव पर पड़ सकता है। जिस तरह से भाजपा नेतृत्व ने जिला परिषद चुनावों के लिए निर्देश दिए हैं, वैसा ही निर्देश विधानसभा हलके अमृतसर दक्षिण के लिए दिया गया तो इससे शिअद प्रत्याशी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
कालिया व शर्मा हैलीकॉप्टर से गए
बैठक की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अमृतसर आए प्रदेश महासचिव कमल शर्मा और स्थानीय निकाय मंत्री मनोरंजन कालिया को हैलीकॉप्टर से चंडीगढ़ बुला लिया गया। लोक संपर्क मंत्री विक्रमजीत सिंह मजीठिया के घर आनन-फानन में इन्हें खाना खिलाकर सीधे तरनतारन ले जाया गया, जहां से वे चंडीगढ़ रवाना हुए।