अजमेर. अंदरकोट में रविवार रात आगजनी में करीब पांच लाख रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है। वीडियो पार्लर में करीब बीस टीवी, वीडियो गेम, कम्पयूटर और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। पास में स्थित चूड़ी और फैंसी की दुकान में करीब चालीस हजार से ज्यादा का माल जल गया। लपटों से मकान की छत और दीवारें क्षतिग्रस्त हो र्गई। लोगों ने करीब पांच लाख के नुकसान की आशंका जाहिर की है।
अतिक्रमण आड़े आए
दरगाह इलाके में दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के रास्ते में बाधा बने। मशक्कत के बाद दमकम की चार गाड़ियां मौके तक पहुंच सकी। दरगाह गेट से अंदरकोट तक रास्ते में ऑटो रिक्शा और वाहन खड़े थे। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मुश्किल से घटना स्थल तक पहुंची।
अंधेरा और अफरा-तफरी
डिस्कॉम कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी थी। करीब साढ़े ग्यारह बजे से देर रात तक इलाके में अंधेरा व्याप्त था। अंधेरे के कारण आग बुझाने में भी परेशानी आई। पुलिस और फायर ब्रिगेड के पास ड्रेगन लाइट और पर्याप्त संख्या में टार्च उपलब्ध नहीं थी।
धमाके के साथ फटे स्क्रीन
आग से वीडियो गेम पार्लर के टीवी धमाके के साथ एक के बाद एक फूटे। आग की लपटें इतनी भीषण थी कि मकान की पहली मंजिल के बाद दूसरी मंजिल में भी आग लग गई। अब्दुल्ला के मकान के आसपास के करीब एक दर्जन मकानों को खाली करवा लिया गया। लोग मकानों से निकल कर सड़क पर आ गए।
आक्रोश..
लोगों ने पुलिस और प्रशासन का आला अफसर मौके पर नहीं पहुंचने पर गुस्सा जाहिर किया। घटना स्थल पर जमा लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। घटनास्थल पर दरगाह थाने का स्टाफ मौजूद था।