पुष्कर. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री रामपाल जाट ने कहा कि जो देश इतिहास को भूल जाता है, वह देश मिट जाता है। वे यहां ब्रrा चौक में रविवार को 1857 शहीद धूलि यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश को महान बनाने के लिए इतिहास को बार-बार पढ़ना एवं समझना चाहिए।
उन्होंने शहीद यात्रा के महत्व एवं इसके मकसद पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 10 मई 1857 को स्वतंत्रता का श्री गणोश हुआ था। उन्होंने बताया कि 10 मई को 18.57 मिनट पर पूरा देश अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देगा। उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि उनके बताए मार्गो पर चल कर दी जा सकती है। इससे पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि जन-जन में देश भक्ति की भावना जागृत करने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है।
यात्रा का नेतृत्व कर रहे अजमेर जिला देहात भाजपा अध्यक्ष विधायक देवी शंकर भूतड़ा ने यात्रा के कार्यक्रम के बारे में बताया कि यह जिले के करीब दो सौ गांवों से गुजरती हुई 10 मई को ब्यावर पहुंचने पर संपन्न होगी। कलश में अमर शहीदों के 293 गांवों की रज के अलावा कारगिल युद्ध में शहीद हुए अजमेर जिले के सैनिकों की माटी को भी सम्मलित किया गया है। उन्होंने यात्रा में सभी वर्गाे से शामिल होकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
सभा को सांसद रासासिंह रावत, जिला प्रमुख सरिता गैना, किशनगढ़ के विधायक भागीरथ चौधरी आदि नेताओं ने भी संबोधित किया। पुष्कर भाजपा मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश पाराशर ने आभार ज्ञापित किया। सभा के बाद प्रदेश महामंत्री जाट, शिक्षा राज्य मंत्री देवनानी, सिंचाई मंत्री सांवरलाल जाट, देहात अध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा ने शहीदों की धूलि कलश का सरोवर के पावन तट किनारे पूजन कर यात्रा का विधिवत रूप से आगाज किया।
यात्रा यहां से मदनगंज-किशनगढ़ के लिए प्रस्थान कर गई। इस अवसर पर पार्षद कमल पाठक के नेतृत्व में वाहन रैली निकाली गई। यात्रा के शुभारंभ पर धर्मेश जैन, किशनगोपाल कोगटा, विधायक गोपाल धोबी, भंवरसिंह पलाड़ा, गोपाल लाल शर्मा समेत जिले के कई वरिष्ठ भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
पाठक भाजपा में
पुष्कर के निर्दलीय पार्षद कमल पाठक को भाजपा संगठन ने आज दोबारा पार्टी में शामिल कर लिया है। धूलि कलश यात्रा के मौके पर आयोजित सभा में इसकी विधिवत घोषणा करते हुए प्रदेश महामंत्री जाट ने पाठक का स्वागत किया। इसके अलावा पुष्कर निवासी सेवानिवृत अध्यापक सूरज नारायण नागौरी ने भी समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
माथुर अस्वस्थ
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर की गत रात अचानक तबीयत गड़बड़ा गई। प्रदेश महामंत्री रामपाल जाट ने रविवार को यहां शहीद धूलि कलश यात्रा के शुभारंभ पर आयोजित सभा में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा का शुभारंभ के लिए माथुर का यहां आने का कार्यक्रम था, लेकिन रात में तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने ही उन्हें यहां भिजवाया है।