bhaskar Web English
HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

पंचकूला रूट नंबर 2 पर 10 करोड़ का अंडरब्रिज

चंडीगढ़चंडीगढ़ और पंचकूला के बीच ट्रैफिक का प्रेशर कम करने के लिए शुरू किए जा रहे रूट नंबर-दो पर 10 करोड़ रुपए की लागत से एक अंडरब्रिज बनाया जाएगा। यह रूट हल्लो माजरा (चंडीगढ़-दिल्ली सड़क) से शुरू होकर रायपुरकलां होते हुए पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-दो में निकलता है।

इस रूट के शुरू होने से पंचकूला के लोगों को एयरपोर्ट, दक्षिणी सेक्टर और मोहाली जाने के लिए एक सीधा रास्ता मिल जाएगा। अब उन्हें जीरकपुर या ट्रांसपोर्ट चौक होते हुए एयरपोर्ट नहीं जाना पड़ेगा। रायपुरकलां के पास से गुजरती रेलवे लाइन के कारण पहले यहां फ्लाईओवर बनाने की योजना थी। लेकिन यह देखा गया कि अगर यहां फ्लाईओवर बनाया जाता है तो उसकी हाईट करीब 32 फुट जाती है।

इतना ऊंचा फ्लाईओवर बनाने के लिए लंबी एप्रोच रोड चाहिए और इसके लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। हाल ही में फाइनेंस सेक्रेटरी संजय कुमार की अध्यक्षता में रेलवे अधिकारियों के साथ एक मीटिंग हुई, जिसमें यह तय किया गया कि तमाम परिस्थितयों को देखते हुए यहां ओवर ब्रिज की जगह अंडर ब्रिज बनाया जाए। चीफ इंजीनियर एसके जेतली के मुताबिक रेलवे के डीआरएम के साथ अब इस प्रोजेक्ट की लागत शेयर करने और जमीन ट्रांसफर करने की बात चल रही है।

सुखना नाले पर भी पुल

रूट नंबर-2 को जल्दी शुरू करने की भी कोशिश हो रही है। इसी रूट पर सुखना नाला है और यहां एक हाईलेवल ब्रिज बनना है। इस पर करीब 3 करोड़ खर्च किए जाएंगे।

पुल के टेंडर खोले जा चुके हैं और शीघ्र ही किसी एजेंसी को काम अलॉट किया जाएगा। जेतली के मुताबिक एजेंसी को 6 महीने के भीतर पुल बनाने के लिए कहा गया है। हालांकि रूट को पहले भी खोला जा सकता है। बरसात के मौसम को छोड़, नाले में ज्यादा पानी नहीं रहता, इसलिए बड़ी पाइपों की मदद से पानी के लिए रास्ता बनाया जा सकता है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: