News
Metros
Chandigarh Chandigarh पंचकूलानॉर्थ पार्क, हरकीरत और जर्मनजीत..तीनों का ही विवादों से नाता पुराना है। कुछ महीने पहले ही चंडीगढ़ के बरिस्टा कैफे, सेक्टर-35 में पसंद का गाना न बजाने पर नशे में धुत हरकीरत ने हवा में गोलियां चलाई थी और फरार हो गया था।
थाना-३६ पुलिस ने हरकीरत के खिलाफ मामला दर्ज किया था। कई दिनों की फरारी के बाद स्पेशल क्राइम सेल ने हरकीरत को गिरफ्तार कर उससे पिता का लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद किया था। हरकीरत अभी जमानत पर है। वहीं, हरकीरत पर गोली चलाने के मुख्य आरोपी जर्मनजीत पर कुछ ही दिनों पहले चंडीगढ़ के सेक्टर-26 में पार्टी के दौरान मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। जर्मनजीत के पास कई बाउंसर भी काम करते हैं। रविवार तड़के नॉर्थ पार्क में भी एंट्री फीस को लेकर विवाद के बाद हरकीरत ने पार्टी ऑर्गेनाइजर को थप्पड़ मारा था, जिसके बाद हरकीरत पर हमला किया गया।
पुलिस ने इस मामले में 4 पार्टी ऑर्गेनाइजर्स सारांश राव, अरुण अरोड़ा, राजीव अरोड़ा, पंकज गर्ग और बाउंसर्स विशाल, रविंदर गुज्जर, अजय को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी जर्मनजीत सिंह फरार है। पुलिस के अनुसार हरकीरत की मुख्य ऑर्गेनाइजर सारांश के साथ एंट्री फीस को लेकर बहस हुई थी।
इस दौरान हरकीरत ने सारांश को थप्पड़ मारा, तो सारांश ने हरकीरत और उसके दास्तों को सबक सिखाने की बात कही। इस दौरान बाउंसर्स और बाकी लोगों ने बीच-बचाव किया। कुछ देर बाद सारांश के ही साथी राजीव अरोड़ा ने हरकीरत और उसके साथियों को फ्री में एंट्री करवा दी। इसके बाद सारांश, अरुण और राजीव ने हरकीरत और उसके साथियों से फिर से बहस शुरू कर दी, लेकिन इस बार भी बीचबचाव से मामला शांत हो गया।
पुलिस के अनुसार इस दौरान ही इन तीनों ने जर्मनजीत के साथ मिलकर पार्टी के बाद हरकीरत को सबक सिखाने का प्लान बनाया। पार्टी खत्म होते ही जर्मनजीत और सारांश ने अपने साथियों के साथ हरकीरत पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान हरप्रीत के बीच में आने पर हरकीरत भागने लगा तो जर्मनजीत ने पीछे से उसकी टांग पर .32 बोर की पिस्टल से गोली चला दी। पुलिस इस पिस्टल को बरामद नहीं कर पाई है। गोली चलाने के बाद जर्मनजीत और उसके साथी काले रंग की टाटा सफारी और स्विफ्ट कार से फरार हो गए।
नॉर्थ पार्क में विवाद
नॉर्थ पार्क में पार्टियों के दौरान पहले भी कई बार मारपीट हुई है। पंचकूला के डीसी ने बताया की इस होटल में उन्हें कई बार मारपीट की शिकायत मिली, लेकिन किसी के लिखित शिकायत न देने के कारण वो कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाए।
>> मार्च 2004 में सिरसा के कुछ युवकों का इस होटल के स्टाफ से विवाद हो गया था, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
>> अक्टूबर 2006 में पीयू में पढ़ने वाली एक युवती ने पंजाबी सिंगर गुरसेवक मान और उसके एनआरआई दोस्त पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। बाद में एनआरआई दोस्त के विदेश चले जाने पर ये मामला इंटरपोल में भी गया।
>> जनवरी 2008 में कजाकिस्तान से कुछ दिनों के लिए चंडीगढ़ में अपने रिश्तेदारों के पास आई लड़की ने होटल में चार लड़कों पर रेप का आरोप लगाया। हालांकि बाद में युवती ने पुलिस को शिकायत देने से मना कर दिया था।
गोलियां चलाने वाले को दबोचा! उधर, एसएसपी मोहाली आरएस खटड़ा ने बताया कि खरड़ पुलिस ने ग्रीन एन्क्लेव में हुई एक चोरी के मामले में शक के आधार पर चंद्रशेखर उर्फ पंडित निवासी गांव बाल्टीवाला और भूपिंदर सिंह निवासी शामचौरासी, जिला होशियारपुर को पकड़ा। उनसे एक पिस्टल और 14 कारतूस बरामद हुए। इन दोनों ने चोरी की घटना से इनकार किया, लेकिन चंद्रशेखर ने बताया कि उसने 4 मई की सुबह नॉर्थ पार्क होटल, पंचकूला में अपने साथियों के साथ इसी पिस्टल से गोलियां चलाई थीं। पुलिस ने दोनों पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
रविवार देर रात डाक्टरों ने हरकीरत के शरीर से 2 गोलियां तो निकाल दी हैं, लेकिन अभी भी एक गोली उसके शरीर में है। परिजनों के अनुसार डाक्टरों ने बताया कि तीसरी गोली शरीर के जिस हिस्से में लगी है वहां से गोली निकालने में जान जाने का खतरा है।