इंदौर. आईआईएम, इंदौर में 30 दिन बाद ही प्रो. पवन सिंह को दूसरा प्रभारी डायरेक्टर नियुक्त कर दिया गया। आईआईएम इंदौर के बोर्ड आफ गवर्नर्स और मानव संसाधन मंत्रालय द्वारा नियुक्ति के फैसले पर मुहर लगाने के बाद उन्होंने पद भी संभाल लिया।
डायरेक्टर डॉ. एस. पी. पाराशर के पद छोड़ने के बाद महीनेभर पहले ही प्रो. तपन पांडा प्रभारी डायरेक्टर बनाए गए थे। प्रो. सिंह आर्गनाइजेशन बिहेवियर एंड ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट के प्रोफेसर हैं। उन्होंने 9 दिसंबर 2004 को आईआईएम इंदौर ज्वाइन किया और एक साल से चीफ विजिलेंस ऑफिसर थे। इससे पहले वे एनआईटीआईई, मुंबई में एसोसिएट प्रोफेसर थे।
>> मंत्रालय की ओर से जो निर्णय हुआ है मैं उसका पालन कर रहा हूं। ऐसा होगा इसकी अपेक्षा मुझे नहीं थी। मेरा प्रयास रहेगा कि आईआईएम इंदौर में व्यवस्थाएं और भी सुदृढ़ बनें।
प्रो. पवन सिंह, प्रभारी निदेशक, आईआईएम, इंदौर
सबसे सीनियर
>> वे सबसे सीनियर हैं इसलिए मिनिस्ट्री ने उन्हें प्रभारी डायरेक्टर नियुक्त किया है। इस संबंध में गुरुवार को मानव संसाधन मंत्री अजरुन सिंह से मेरी मुलाकात हुई थी। 30 दिन में दो प्रभारी डायरेक्टर नियुक्त किए जाने से कोई कार्यक्रम प्रभावित नहीं होगा।
एल.एन. झुनझुनवाला, चेयरमैन, बोर्ड आफ गवर्नर्स, आईआईएम, इंदौर