News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़भले ही अकाली-भाजपा गठबंधन के अटूट होने के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन 12 मई को जिला परिषद व पंचायत समितियों के चुनाव में दोनों पाटियों के बीच कई सीटों पर फ्रेंडली मैच होना तय हो गया है। सोमवार सारा दिन बीच का रास्ता निकालने के लिए भाजपा और अकाली नेताओं की बैठकों का दौर चलता रहा पर कोई बात बनी नहीं।
पंजाब में 20 जिला परिषदों के 321 व 142 पंचायत समितियों के 2645 सदस्य चुने जाने हैं। भाजपा ने अकाली दल के सामने जिला परिषदों के लिए 50 और पंचायत समितियों के लिए 600 सीटों की मांग रखी थी, लेकिन दोनों पार्टियों की तालमेल कमेटी की बैठक में इस मुद्दे पर आम सहमति नहीं बन पाई। भाजपा के लिए अकाली दल के नेता जिला परिषद की 35 और पंचायत समितियों की 450 से ज्यादा सीटें छोड़ने के लिए राजी नहीं हैं।
ऐसे में जिला परिषद की 15 और पंचायत समितियों की करीब 150 सीटों पर अकाली-भाजपा के बीच फ्रेंडली मैच होगा। भाजपा यह चुनाव अपने पार्टी के निशान पर लड़ रही है। राज्य में अबोहर-फाजिल्का, पठानकोट व होशियारपुर ऐसे क्षेत्र हैं, जहां ज्यादातर सीटों पर भाजपा के आग्रह को अकाली दल ने स्वीकार कर लिया है।
सीटों के बंटवारे को ले कर भाजपा और अकाली दल में किसी तरह का कोई झगड़ा नहीं है। दोनों पार्टियों के बीच पक्का समझौता है।
-डॉ. दलजीत सिंह चीमा, प्रवक्ता, शिरोमणि अकाली दल