HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

जयपुर में तेज आंधी

जयपुर. storm शहर में सोमवार रात 9 बजे बाद 50 किमी. प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी आई और उसके बाद हुई बूंदाबांदी से तापमान गिर गया। इससे मौसम सुहाना हो गया।गत दो दिनों से रात का तापमान लगातार बढ़ रहा था। रविवार की रात इस मौसम की सबसे गर्म रात (29 डिग्री) थी। सोमवार शाम तक आसमान में धूल छाई हुई थी। रात को अलवर, दौसा में हुई बारिश के असर से भी ठंडी हवा चलने लगी थी।

उधर लू से झुलस रहे प्रदेशवासियों के लिए सोमवार का दिन राहत देने वाला रहा। मौसम ने अचानक करवट ली। अलवर, दौसा, झुंझुनूं में अंधड़ के साथ चने के आकार के ओले गिरे। अलवर में शाम चार से पांच बजे तक तेज बारिश हुई। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ। कई जगह पेड़, होर्डिग गिर गए जिससे यातायात में भी बाधा आई। पांच मिनट तक ओले भी गिरे। आंधी के साथ बरसात इतनी तेज हुई कि सड़कों पर पानी भर गया।

बाघोली (झुंझुनूं) में भी दोपहर बाद तेज अंधड़ व बरसात के साथ क्षेत्र में ओले गिरे। ओले इतने तेजी से गिरे कि एक बार तो जमीन सफेद हो गई। करीब 20 मिनट तक बरसात होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दौसा में भी शाम को तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई।

नीमला में 15 मिनट तक चने के आकार के ओले गिरे। कई जगह पेड़ व छप्पर टूट गए। बरसात के कारण तापमान नीचे गिर गया और कई दिनों से गर्मी से झुलस रहे लोगों ने राहत की सांस ली।

जयपुर में भी सवेरे से ही आसमान में धूल छाई हुई थी इससे गर्मी के तेवर तीखे नहीं हो पाए थे। अधिकतम तापमान भी एक डिग्री घट कर 41 डिग्री आ गया। यहां रामनिवास बाग में लू से एक भिखारी की मौत हो गई।

धौलपुर में एक सप्ताह से लगातार सूरज की तपन से त्रस्त जन जीवन को सोमवार को बूंदाबांदी से राहत मिली। भरतपुर में गर्मी और आंधी ने लोगों को मौसम की बेरुखी का अहसास दिलाया।

अजमेर में गर्मी का प्रकोप यथावत रहा। रात के तापमान बढ़ोतरी हुई। शेखावाटी में तापमान बढ़ता जा रहा है। चूरू में पारा 2 डिग्री बढ़कर 43 पर आ गया। उदयपुर में अधिकतम तापमान घट कर 38 डिग्री पर आ गया। कोटा में पारा 2 डिग्री घट कर 42 पर आ गया लेकिन इससे गर्मी में कोई फर्क नहीं पड़ा।

नर्गिस का असर नहीं
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के मौसम में आए बदलाव का कारण बर्मा में आया नर्गिस तूफान नहीं है। ये बदलाव स्थानीय कारणों से आया है। तेज गर्मी पड़ने से उत्तरी राजस्थान में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। नमी मिलने के कारण बरसात हुई है। आगामी 24 घंटों में ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: