HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

वीडियो पार्लर मालिक जिम्मेदार

अजमेर. अंदरकोट इलाके में रविवार रात वीडियो पार्लर में जलकर मरे बच्चों के घरवालों ने पार्लर मालिक को जिम्मेदार ठहराया है। उनकी रिपोर्ट पर दरगाह थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक अग्निकांड में मौत का शिकार बने अंदरकोट कातन बावड़ी निवासी इरशाद (10) की मां शमशुरनिंशा पत्नी विलायत अली ने सोमवार को दरगाह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

उसने आरोप लगाया कि वीडियो पार्लर मालिक अब्दुल्ला की लापरवाही से उसके बेटे की जान गई है। यह बयान मृतक सद्दाम (7) पुत्र सलीम के परिवारजन ने भी पुलिस को दिए हैं। दरगाह थाना प्रभारी रामचंद्र सिंह ने बताया कि वीडियो पार्लर मालिक अब्दुल्ला के खिलाफ लापरवाही से मृत्युकारित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

दम घुटने से तोड़ा दम
इरशाद और सद्दाम के शवों का सोमवार को पोस्टमार्टम किया गया। शुरुआती तौर पर दोनों की मौत का कारण झुलसना और धुंए से दम घुटना माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है आग लगने के बाद मची अफरा-तफरी में दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल सके। उनके ऊपर मलबा और प्लाई गिर गई थी। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। मलबा हटवाया जा रहा है।

गमगीन माहौल
इरशाद की मां शमशुर निशां का रो-रोकर हाल बुरा है, जबकि सद्दाम का पिता सलीम सदमे की हालत में है। अंदरकोट, दरगाह और आसपास के इलाके में दिनभर गमगीन माहौल रहा।

वैधता की जांच
पुलिस वीडियो पार्लर की वैधता की जांच कर रही है। फिलहाल यह जानकारी मिली है कि पार्लर बगैर लाइसेंस के चलाया जा रहा था। पुलिस पार्लर मालिक अब्दुल्ला से पूछताछ करेगी। संबंधित विभाग से भी जानकारी ली जाएगी। इलाके के लोगों का कहना है कि अवैध वीडियो पार्लर के बारे में कई बार पुलिस और प्रशासन को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इलाके में करीब छह और वीडियो पार्लर चल रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: