अजमेर.
केसरगंज, सब्जी मंडी में सोमवार शाम गुब्बारे में भरने वाली गैस का सिलेंडर फट गया। दो महिलाओं सहित चार लोग जख्मी हुए हैं। तेज धमाके से इलाका थर्रा उठा। सिलेंडर के टुकड़े उछल कर दूर तक बिखर गए। सिलेंडर मालिक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार पहाड़गंज निवासी प्रदीप (22) पुत्र अशोककुमार गुब्बारे बेचता है। सोमवार शाम वह सिलेंडर में गैस भरवाकर साइकिल पर लौट रहा था। सब्जी मंडी में रिलायंस फ्रेश की दुकान के पास सिलेंडर फट गया।
धमका इतना जोरदार था कि साइकिल के परखच्चे उड़ गए। प्रदीप के दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सिलेंडर के टुकड़े लगने से जौंसगंज निवासी सरदार रनमीत सिंह और उनकी पत्नी बलजीत कौर जख्मी हो गए। घटना स्थल के पास सब्जी खरीद रही जादूगर निवासी केसरदेवी (65) भी घायल हो गई। धमाके से इलाके में सनसनी फैल गई।
बम फटने की आशंका से भगदड़ मची :
बम फटने की आशंका से लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने घायलों को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अस्पताल में घायलों के बयान दर्ज किए हैं। सिलेंडर मालिक प्रदीप की हालत गंभीर बनी हुई है।
ज्यादा प्रेशर के कारण..
पुलिस के अनुसार पहाड़गंज निवासी प्रदीप गुब्बारों का धंधा करता है। सोमवार शाम को वह झूलेलाल चौक इलाके से खाली सिलेंडर में हाइड्रोजन गैस भरवाकर साइकिल पर घर जा रहा था। प्रारम्भिक तौर पर माना जा रहा है कि सिलेंडर में क्षमता से अधिक गैस भरे जाने से हादसा हुआ है। क्लॉकटावर थाना पुलिस जांच कर रही है।