बीकानेर. जलदाय विभाग ने गांवों में पानी के संकट को देखते हुए करीब 200 डिग्गियों को फुल कर दिया है। साथ ही नहर से पानी की लगातार आपूर्ति होने से भी फिलहाल जलदाय विभाग राहत की स्थिति में है। खाजूवाला, लूणकरणसर और कोलायत के कई गांवों में डिग्गियां फुल हो चुकी है। डिग्गियां फुल होने की स्थिति में इन क्षेत्रों में कम से कम 15 से 20 दिन के पानी की व्यवस्था हो गई है।
हालांकि टेल वाले गांवों में अगले दो-तीन दिनों में पानी पहुंचने की उम्मीद है। जहां पर पानी का अधिक संकट है, वहां पर टैंकरों से आपूर्ति की जा रही है। कानासर, गजनेर और वैद्य मघाराम वितरिका में पानी शुरू नहीं होने के कारण इनसे जुड़े करीब 35 गांवों में पानी की आपूर्ति का संकट बना हुआ है। पूगल और दंतौर में भी पानी की कमी है।
जलदाय विभाग के एसई महासिंह बेनीवाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के उन गांवों में पानी अभी तक नहीं पहुंचा है जो टेल पर स्थित है। संबंधित क्षेत्रों में 300 डिग्गियां हैं जिनमें से 200 भरी जा चुकी है। टेल वाले गांवों में अभी डिग्गियां खाली पड़ी है। पूगल और दंतौर में फिलहाल पानी का संकट है। संबंधित वितरिका में पानी छूटने के बाद ही पानी की आपूर्ति की जा सकेगी।
राज्य सरकार ने गांवों में टैंकरों से पानी भेजने के लिए इस बार विशेष योजना तैयार की है। इसके चलते संबंधित गांव के करीबी निजी कुएं से पानी खरीदा जाएगा और उसे गांव में भेजा जाएगा। इसके लिए जलदाय विभाग ने निजी कुओं को सूचीबद्ध भी कर लिया है।