बीकानेर.
इंदिरा गांधी नहर फीडर पर पिछले कई दिनों से पानी नहीं बढ़ने की वजह कई नहरों में पानी कम कर दिया है। पूर्व सिंचाई मंत्री व कोलायत विधायक से हुए समझौते के कारण आरडी 620 पर पानी कम नहीं किया गया लेकिन बिरधवाल हैड से निकलने वाली अनूपगढ़ ब्रांच में रविवार से ही पानी बंद कर दिया गया है। यहां पहले 400 और बाद में 600 क्यूसेक पानी कर दिया गया था।
सोमवार आए पानी की गेज रिपोर्ट में अनूपगढ़ ब्रांच में पानी निल दिखाया गया है। इसके अलावा कोलायत लिफ्ट में 100, चारणवाला में 150, बिरसलपुर में 300 तथा आरडी 860 से 961 के बीच की सभी माइनरों में पानी चल रहा है। यहां 136 क्यूसेक पानी पेयजल के लिए दिया गया। बांगड़सर लिफ्ट में पानी शुरू कर दिया गया। सोमवार को यहां 40 क्यूसेक पानी दिया गया।
जैसलमेर को 313 तथा जोधपुर को पेयजल के लिए 150 क्यूसेक पानी दिया जा रहा है। कंवरसेन लिफ्ट में 150 क्यूसेक पानी चलाया जा रहा है। मसीदावाली हैड पर 2022 क्यूसेक व बिरधवाल हैड पर 1709 क्यूसेक पानी चलाया गया।
गौरतलब है कि एक दिन पहले कंवरसेन लिफ्ट का 100 क्यूसेक पानी कम कर दिया गया था। यहां सिर्फ 50 क्यूसेक पानी चलाया गया था ‘लेकिन’ भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद यहां फिर से 150 क्यूसेक पानी कर दिया गया।
आरडी 620 पर बढ़ा 200 क्यूसेक पानी
द्वितीय चरण की पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए 200 क्यूसेक पानी बढ़ा दिया गया है। सोमवार की सुबह तीन बजे तक यहां 1600 क्यूसेक पानी चल रहा था जो नौ बजे 1800 क्यूसेक पानी हो गया। दोपहर बाद तक 1800 क्यूसेक पानी चलता रहा।
माना जा रहा है कि अनूपगढ़ ब्रांच में पानी बंद होने से यहां पानी की मात्रा बढाई गई है। गौरतलब है कि सुबह नौ बजे की गेज की रिपोर्ट सिंचाई विभाग के प्रमुख शासन सचिव व सिंचाई मंत्री के पास जाती है।