HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

रंगारंग होगा स्थापना दिवस

जोधपुर. jodhpur इस बार जोधपुर का स्थापना दिवस अनूठा होगा। पूर्व संध्या पर जहां सूर्यनगरी की विरासत पर विचार गोष्ठी होगी, वहीं प्रमुख चौराहे व स्थलों पर संगीत के तराने गूंजेंगे। मुख्य समारोह के तहत उम्मेद राजकीय स्टेडियम में संस्कृति के नायाब नजारे देखने को मिलेंगे।

चाहे सीना ताने मेहरानगढ़ का भाल हो या जसवंतथड़ा की प्राचीर, राजे महाराजाओं की गौरवमयी विरासत की कड़ियों को स्मृति से जोड़ते हुए इस बार अनेक कार्यक्रमों से रचा-बसा होगा जोधपुर का 550 वां स्थापना दिवस समारोह। एक तरफ राजपरिवार की ओर से इसे मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं वहीं प्रशासन भी दमखम के साथ आयोजन को भव्य बनाने की जुगत में है।

स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर 11 मई को सुबह साढ़े दस बजे जिला प्रशासन, जोधपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन व इंटैक की ओर से एसोसिएशन के सभागार में सेमिनार होगा, जिसका विषय रहेगा-‘जोधपुर का विकास विरासत की ओर।’

इसी दिन शाम 6 बजे सहकारी बाजार, सोजती गेट, राजीव गांधी चौराहा, पर्यटन विभाग कार्यालय, रातानाडा भाटी चौराहा, यूआईटी चौराहा, घंटाघर चौराहा, महावीर उद्यान, शास्त्री नगर, रोडवेज बस स्टैंड व नेहरू पार्क में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार लोककलाओं का प्रदर्शन करेंगे।

रोशनी से जगमग होंगे स्थल
स्थापना दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट भवन, उच्च न्यायालय भवन, यूआईटी, म्यूजियम पब्लिक पार्क, घंटाघर, पावटा, सोजती गेट, राजीव गांधी चौराहा, नागौरी गेट, रातानाडा भाटी चौराहा, बोम्बे मोटर्स, आखलिया चौराहा, जसवंतथड़ा, मेहरानगढ़ फोर्ट व उम्मेद भवन रोशनी से नहाएंगे।

रोचक होगा मुख्य समारोह
स्थापना दिवस 12 मई को मुख्य समारोह शाम 4 बजे उम्मेद राजकीय स्टेडियम में होगा। नौपत वादन से आरंभ होने वाले कार्यक्रम में फैंसी ड्रेस, साफा बांधो व अन्य रोचक प्रतियोगिताएं होंगी। इसी दिन फोटो जर्नलिस्ट क्लब की ओर से सूचना केंद्र में फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी। टाउन हॉल में सजेगी भजन संध्या
स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर शाम साढ़े सात बजे जयनारायण व्यास टाउन हॉल में लोक संगीत की विशेष संध्या सजेगी। राजस्थान संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष मदनमोहन माथुर ने बताया कि इसमें लंगा, कालबेलिया, मयूर नृत्य, भपंग वादन के साथ स्थानीय बाल कलाकार भी प्रस्तुतियां देंगे। इस दिन जादू शो स्थगित रहेगा।

हैरतअंगेज कारनामों का प्रदर्शन
अपर जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने बताया कि 12 मई को उम्मेद राजकीय स्टेडियम में हैरतअंगेज कारनामों का प्रदर्शन होगा। इस संबंध में उप निदेशक, पर्यटन उमरावसिंह राठौड़ को समन्वयक बनाया गया है। महेंद्र जोशी हैरतअंगेज कारनामे दिखाएंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: