कोटा. जिले में प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा में तबादला चाहने वालों की दौड ममें सात सौ से ज्यादा अध्यापक हैं। उनके आवेदन जिला शिक्षा अधिकारियों के पास पहुंच गए हैं। उनकी सूची तैयार की जा रही है।
शिक्षा विभाग के सूत्रों ने बताया कि पिछले दिनों शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण के लिए शिक्षकों से आवेदन मांगे थे। इसमें जिले के भीतर रहने के लिए आवेदन करने की तिथि 30 अप्रैल समाप्त हो चुकी है। जिले से बाहर दूसरे जिले में स्थानांतरण के लिए 10 मई की तिथि निर्धारित की गई है। उपनिदेशक उमारानी द्विवेदी ने बताया कि स्थानांतरण चाहने वालों के आवेदन लगातार आ रहे हैं। इन्हें सूचीबद्ध करके मुख्यालय में भिजवाया जाएगा।
सीनियर सैकंडरी स्कूलों में छात्रों के लिए कंप्यूटर
राज्य सरकार ने सीनियर सैकंडरी स्कूलों में छात्रों को कम्प्यूटर ज्ञान देने के लिए दस-दस कम्प्यूटर देने की घोषणा की है। इसकी पालना कोटा जिले में शुरू कर दी गई है। उपनिदेशक श्रीमती द्विवेदी ने बताया कि जिले के 180 स्कूलों में यह सुविधा शुरू की जा रही है।
इसमें प्रत्येक स्कूल को दस-दस कम्प्यूटर देने के साथ ही इन्हें स्थापित करने के लिए फर्नीचर व अन्य सुविधा भी दी जाएगी। इस सुविधा से इन स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र कम्प्यूटर का ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा स्कूलों में छात्रों को निशुल्क दी जाएगी।
20 प्रतिशत तक परिणाम देने वालों की खैर नहीं
शिक्षा विभाग ने शून्य से बीस प्रतिशत तक परिणाम देने वाले शिक्षा प्रधानों व शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि अभी तक आठवीं बोर्ड का परिणाम आया है।
इसमें 14 स्कूल ऐसे है जिनका परिणाम शून्य रहा है। इनके संस्था प्रधानों व शिक्षकों के खिलाफ 17 सीसीए की कार्रवाई की जा रही है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के आने वाले परिणामों के बाद कम परिणाम देने वाले शिक्षकों व संस्था प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।