कोटा.
इंडियन एयरलाइंस से जुड़ी एलायंस एयर के बेड़े में शामिल छोटे विमान जल्द ही शहर के आसमान पर उड़ने लगेंगे। इंडियन एयरलाइंस के चीफ मैनेजर प्रदीप ओबेराय तथा मैनेजर सेल्स सोनिया भल्ला ने यहां मौजूद परिस्थितियों को अनुकूल बताया है।
उन्होंने कहा है कि यदि मंगलवार को होने वाली बैठक में मार्ग निर्धारण और यात्री भार को लेकर सकारात्मक परिणाम निकलते हैं तो अगले 3 माह में हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। इंडियन एयरलाइंस के प्रतिनिधि सोमवार दोपहर करीब 3 बजे यहां पहुंचे। इन प्रतिनिधियों की संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में मंगलवार सुबह 10.30 बजे बैठक होगी।
इसमें शहर के उद्योगपति, कोचिंग संस्थान के संचालक, राजकीय विभागों के अधिकारी, टूर ऑपरेटर तथा व्यापारियों समेत प्रबुद्ध लोगों को आमंत्रित किया गया है। इस बीच, प्रदीप ओबेरॉय ने बताया कि इंडियन एयरलाइंस छोटे शहरों से भी विमान सेवा तेजी से प्रारंभ कर रही है।
हैडक्वार्टर व चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पास सेवा प्रारंभ करने के लिए कई अन्य शहरों के प्रस्ताव हैं लेकिन, फिलहाल राजस्थान में कोटा को प्राथमिकता से लिया गया है। यह तेजी से विकसित हो रहा है और संभावनाएं भी अच्छी हैं। मंगलवार को स्थिति और साफ हो जाएगी। उन्होंने बताया कि एयरलाइंस से जुड़ी एलायंस एयर में शामिल 48 सीटर विमान कोटा से चलाया जा सकता है।
हवाई सेवाएं बीकानेर में प्रस्तावित
इंडियन एयरलाइंस के चीफ मैनेजर ओबेराय ने बताया कि बीकानेर से भी हवाई सेवा शुरू करने की मांग की जा रही है। वहां भी स्थितियों का अवलोकन प्रस्तावित है।