उदयपुर. पीछोला में होटल लीला वेंचर प्रबंधन ने डिसिल्टिंग की आड़ में पेटे की चट्टानें तोड़ी तथा इलेक्ट्रिक केबल डालने के लिए कैनाल खोदी, जबकि सिंचाई विभाग से केवल डिसिल्टिंग की स्वीकृति ली थी। संभागीय आयुक्त द्वारा गठित जांच कमेटी ने होटल प्रबंधन को झील पेटे से छेड़छाड़ का दोषी माना। जिम्मेदार सिंचाई विभाग के एक्सईएन व गिर्वा तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस दिए।
आयुक्त राजेश्वरसिंह ने पांच सदस्यीय कमेटी गठित की थी। जांच में होटल प्रबंधन द्वारा अनधिकृत रूप से चट्टानें तोड़ने तथा बिना स्वीकृति केबल का दोषी पाया गया। झील में इस प्रकार के अनाधिकृत कार्य रोकने के लिए सिंचाई विभाग के एक्सईएन विमल चौडिऱ्या व गिर्वा तहसीलदार जिम्मेदार हैं।
जांच रिपोर्ट आने के बाद होटल प्रबंधन को विधिवत स्वीकृति लेकर 15 दिन में सिंचाई विभाग से निस्तारित कराने के आदेश दिए। रिपोर्ट के अनुसार नियमों के तहत ही होटल प्रबंधन को स्वीकृति दी जाएगी। सिंचाई विभाग के एक्सईएन व गिर्वा तहसीलदार को लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 15 दिन में जवाब तलब किया है।