उदयपुर. भीषण गर्मी में मिडिल तक के छात्रों को इस भीषण गर्मी में नए सेशन के पहले यूनिट टेस्ट नहीं देने होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) मनोहर लाल इंद्रावत ने सोमवार को जारी आदेश में सभी निजी स्कूलों को पाबंद किया है कि वे पहली से आठवीं कक्षाओं के यूनिट टेस्ट निरस्त कर दें।
‘दैनिक भास्कर’ ने 01 मई से लगातार गर्मी के दौर में पब्लिक स्कूलों में जारी ‘अप्रैल सेशन’ से बच्चों व अभिभावकों की परेशानी को प्रमुखता से उठाया था। बच्चे छुट्टियों का आनंद उठाने की बजाय अप्रैल में प्रारंभ नए सेशन के पहले टेस्ट की तैयारियों में जुटे थे।
भास्कर की इस संबंध में की गई पहल को अभिभावकों ने खुले दिल से सराहा। शहर में जागरूक अभिभावकों का संगठन भी बना जो जिला प्रशासन व शिक्षा अधिकारियों से मिलकर स्कूलों में मई से समर ब्रेक करवाने की मांग में जुटा है।
सोमवार को अभिभावक संगठन के पदाधिकारियों ने उप निदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) कमला यादव से मुलाकात की। संघ के अध्यक्ष अली कौसर, भरत उपाध्याय, संदीप गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने उप निदेशक से पब्लिक स्कूलों में सात मई से होने वाले यूनिट टेस्ट का विरोध करते हुए इसे निरस्त करवाने की मांग की। इस पर उप निदेशक ने जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) को कार्रवाई के निर्देश दिए।
छुट्टी के लिए बच्चों की गांधीगीरी
भीषण गर्मी में किताबों से जूझ रहे छोटे बच्चों ने स्कूलों में छुट्टी करवाने के लिए गांधीगीरी का सहारा लिया। उनकी मांग पर प्रिंसिपल पिघल गए और 6 मई से ही प्री-प्राइमरी की छुट्टी घोषित कर दी। नन्हें मुन्ने बच्चे गुलाब का फूल लेकर सोमवार सुबह सेंट पॉल्स स्कूल पहुंचे और प्रिंसिपल फादर थॉमस रेमेजियस को भेंट किए।
छोटे बच्चों ने स्कूलों को बंद करने व इसी सप्ताह से होने वाले यूनिट टेस्ट को भी नहीं लेने का आग्रह किया। भाजयुमो के जिनेन्द्र शास्त्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल 3 से 5 साल के छोटे बच्चों के साथ सुबह नौ बजे सेंट पॉल्स पहुंचा जहां उन्होंने स्कूल प्रशासन से ग्रीष्मावकाश घोषित करने की मांग की। प्राचार्य को कहा कि भीषण गर्मी के दिनों में बच्चों को मानसिक व शारीरिक राहत के लिए दो महीने पूरी छुट्टी चाहिए।
जब सेंट्रल एकेडमी सहित कई स्कूलों ने 1 मई से ही छुट्टी घोषित कर दी है तो बाकी स्कूलों में यह क्यों नहीं किया जा रहा? इस पर प्राचार्य ने तुरंत प्रभाव से प्री-प्राइमरी स्कूल की छुट्टी मंगलवार से ही करने की बात कही। पहले यह अवकाश 15 मई से होने थे।