नई दिल्ली.
नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर के संस्थापक डॉ. कैलाश ‘मानव’ को राष्ट्रपति भवन में सोमवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने पद्मश्री अलंकरण प्रदान किया। यह सम्मान उन्हें पोलियो पीड़ित विकलांगों की सेवा के लिए दिया गया।
उन्हें सेवा कार्यो में उल्लेखनीय योगदान के लिए राजस्थान से चुना गया था। डॉ. मानव ने अलंकरण को देश के डेढ़ करोड़ विकलांगों व संस्थान से जुड़े दानदाताओं का सम्मान बताया। इस मौके पर मानव की पत्नी कमला देवी, पुत्र प्रशांत, पुत्रवधू वंदना, पुत्री कल्पना गोयल व संस्थान के पदाधिकारी मौजूद थे।
पद्मश्री कैलाश मानव का अभिनंदन कल
उदयपुर.
पद्मश्री अलंकरण प्राप्त करने के बाद नारायण सेवा संस्थान के संस्थापक डॉ. कैलाश ‘मानव’ सात मई को उदयपुर आएगे। उनका यहां पर पद्मश्री कैलाश मानव अभिनंदन समिति की ओर से नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में हुए भव्य कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने उन्हें पद्मश्री अलंकरण से नवाजा। 7 मई को मेवाड़ एक्सप्रेस से सुबह 6.50 बजे उदयपुर सिटी स्टेशन से गाजे-बाजे और नारों के साथ उनकी शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शहर के उदियापोल, सूरजपोल, बापू बाजार, देहलीगेट, कोर्ट चौराहा, शास्त्री सर्कल, सुखाड़िया समाधि होते हुए बोहरा गणोश मंदिर पहुंचेगी।
जगह-जगह उनका स्वागत किया जाएगा। दोपहर में 2 बजे गणपति वाटिका में समारोह बाद वे मानव मंदिर जाएंगे। मानव मंदिर में वे रोगियों एवं उनके परिजनों से मिलेंगे। डॉ. मानव को सेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्र्यो के लिए राजस्थान से चुना गया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. मानव के अलावा इस प्रतिष्ठित सम्मान से पूर्व में उदयपुर के शिक्षाविद् डॉॅ. कालूलाल श्रीमाली, पूर्व विदेश सचिव प्रो. जगत मेहता, लोक कला मंडल के संस्थापक देवीलाल सामर एवं अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के न्यायाधिपति डॉ. नागेंद्रसिंह एवं वैज्ञानिक डा. दौलतसिंह कोठारी सम्मानित हो चुके हैं।
प्रोफाइल
नाम : कैलाशचंद्र अग्रवाल
जन्म : 2 जनवरी 1947
जन्म स्थान : भींडर, जिला उदयपुर, राजस्थान
पिता : मदनलाल अग्रवाल
माता : सोहनदेवी
वर्तमान में : मैनेजिंग ट्रस्टी एवं संस्थापक, नारायण सेवा संस्थान
संस्थान की स्थापना : 23 अक्टूबर 1985
अब तक प्राप्त प्रमुख सम्मान :
- विकलांगता के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्र्यो की लोकमान्यता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम से।
- गोडफ्रे फिलिप्स ब्रेवरी अवार्ड तत्कालीन उपराष्ट्रपति भैंरोसिंह शेखावत से।
- विकलांगता के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्र्यो के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार।
- राज्यस्तरीय श्रेष्ठ सामाजिक पुरस्कार।
- उत्कृष्ट सामाजिक कार्र्यो के लिए भारत गौरव अवार्ड।
- राष्ट्रीय रत्न सम्मान