HomeNewsNational National

प्रणब, आशा, सचिन पद्म से सम्मानित

नई दिल्ली. राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने राष्ट्रपति भवन के अशोक हाल में एक भव्य समारोह में विदेशमंत्री प्रणब मुखर्जी, प्रख्यात पार्श्वगायिका आशा भोसले, ध्रुपद गायक रहीम फहीमुद्दीन डागर और क्रिकेट स्टार सचिन तेंदुलकर सहित 55 विशिष्ट व्यक्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए। प्रणब मुखर्जी, आशा भोसले और सचिन तेंदुलकर को पद्म विभूषण तथा डागर को पद्मभूषण पुरस्कार दिया गया। पद्मविभूषण पाने वाले दो अन्य व्यक्ति है सूचना प्रौद्योगिकी में अग्रणी एनआर नारायणमूर्ति और होटल व्यवसायी पीआरएस ओबेराय। इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर कुल 135 व्यक्तियों को पद्मपुरस्कार देने की घोषणा की गई थी। आज 55 व्यक्तियों को यह पुरस्कार दिए गए जबकि 80 को इस महीने के अंत में आयोजित होने वाले समारोह में पुरस्कार दिए जाएंगे। हॉलीवुड में नाम कमा चुके भारतीय मूल के फिल्मकार मनोज नाइट श्यामलन को भी पद्म सम्मान दिया जाएगा। आज के पुरस्कार वितरण समारोह में उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी, गृहमंत्री शिवराज पाटिल और लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी मौजूद थे। प्रसिद्ध मूर्तिकार अमरनाथ सहगल (मरणोपरांत) फ्रांसीसी लेखक डोमिनिक लेपियर, बैंक अधिशासी केवी कामत, शिक्षाविद ईके ओम्मन और प्रो. सुखदेव को पद्मभूषण पुरस्कार प्रदान किए गए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: