HomeSportsCricket Cricket

शोएब ने शाहरुख और सौरव की तारीफ की

कोलकाता. शोएब अख्तर पाकिस्तान के विवादास्पद तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भी कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के मालिक शाहरुख खान और कप्तान सौरव गांगुली उनके साथ खड़े रहे।

शोएब ने कहा कि सौरव गांगुली उनके अच्छे दोस्त हैं और कठिन समय में उनके द्वारा सहायता किए जाने से दोस्ती अब और भी मजबूत हो गई है।

आईपीएल में प्रवेश को लेकर विवादास्पद गेंदबाज शोएब ने कहा कि मैं इस मुद्दे पर कोई चर्चा करना नहीं चाहता, लेकिन मैं यह कहना चाहूंगा कि आईपीएल के अध्यक्ष ललित मोदी, नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान और कप्तान सौरव गांगुली के कारण ही मैं यहां लौट सका हूं।

उन्होंने कहा कि इसके लिए वह इन सभी के प्रति आभारी रहेंगे। शोएब ने कहा कि ये सभी उनके साथ कठिन परिस्थितियों में भी खड़े रहे।

गौरतलब है कि ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ शोएब सोमवार रात कोलकाता पहुंचे। पीसीबी ने उन पर पांच साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया था लेकिन अदालत ने इस प्रतिबंध को एक महीने के लिए निलंबित कर दिया। इसके बाद ही वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने के लिए भारत पहुंचे।

शोएब के कोलकाता पहुंचने से आईपीएल के कोलकाता नाइट राइडर्स टीम ने राहत की सांस ली है। शोएब ने कहा कि वह कोलकाता टीम के लिए खेलने को बेताब हैं।

आईपीएल मैचों में नाइट राइडर्स की लगातार हार पर शोएब ने कहा कि टीम को बस एक जीत चाहिए उसके बाद आईपीएल का सारा दृश्य ही बदल जाएगा।

कोलकाता पहुंचने पर शोएब ने कहा कि वह गुरुवार को ईडन गार्डन में रॉयल चैलेंजर्स के विरूद्ध खेलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ईडन गार्डन उनके लिए इससे पहले भी भाग्यशाली रहा है।

उन्होंने कहा कि इस मैदान पर मैंने फरवरी 1999 में पहले गेंद पर सचिन तेंदुलकर को पैवेलियन लौटा दिया था। उन्होंने कहा कि वे सौरव और शाहरुख खान की उम्मीदों पर खरे उतरने का प्रयास करेंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: