HomeSportsCricket Cricket

अकेले शोएब नहीं जिताएंगे मैच: सौरव

कोलकाता. सौरव गांगुली ‘अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता’, इस बात का अहसास कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान सौरव गांगुली को पूरी तरह से है। तभी तो वे शोएब अख्तर के टीम में शामिल होने की खबर पर खुशी जताते हुए भी यह नहीं भूलते कि अकेले ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ नाइट राइडर्स को जीत की राह पर नहीं लौटा सकते।

सौरव ने अख्तर की वापसी के सवाल पर कहा कि वे हमारी टीम के प्रमुख खिलाड़ी और रणनीति का हिस्सा हैं। लेकिन मैच का परिणाम किसी एक खिलाड़ी का प्रदर्शन तय नहीं करता। दो जीत के बाद चार हार झेलने वाली टीम के कप्तान सौरव ने कहा कि जीत की राह पर लौटने के लिए सभी खिलाड़ियों को बेहतर खेलना होगा।

अभ्यास मैच तय करेगी शोएब की वापसी : सौरव गांगुली ने कहा कि गुरुवार को बेंगलुरु रॉयल चैलेंजर्स से होने वाले मुकाबले से एक दिन पहले उनकी टीम एक अभ्यास मैच खेलेगी। मैच में शोएब अख्तर की फिटनेस और फॉर्म तय करेगी कि वे गुरुवार को टीम का हिस्सा होंगे या नहीं।

ईडन मेरा पसंदीदा मैदान : शोएब
इस बीच सोमवार शाम कोलकाता पहुंचे शोएब ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि वे तमाम विवादों को पीछे छोड़ आईपीएल में खेलने आ गए हैं। उन्होंने कहा कि ईडन गार्डन मेरा पसंदीदा मैदान है। उन्होंने कहा कि उनके पिछले कुछ दिन बेहद तनाव में गुजरे हैं। लेकिन वे फिट हैं और मैच खेलने के लिए बेताब भी। उन्होंने शाहरुख को बड़े भाई जैसा बताया और कहा कि संकट के समय किंग खान ने उन्हें महत्वपूर्ण समर्थन दिया।

बुचनन बोले-संयमित रहें शोएब : कोलकाता टीम के ऑस्ट्रेलियाई कोच जॉन बुचनन विवादास्पद व्यक्तित्व शोएब को लेकर बेहद सतर्क नजर आते हैं। शोएब उनकी टीम के लिए तुरुप का पत्ता साबित हो सकते हैं। उनकी गति यदि नियंत्रित दिशा और लंबाई में रहे, तो उनके चार ओवर में मैच पलट सकता है। एक अखबार से बातचीत में बुचनन कहते हैं कि शोएब मैदान के भीतर और बाहर विवादित रहे हैं। कोई भी विवाद उन्हें और उनकी टीम को क्षति ही पहुंचाएगी। इसलिए उन्हें संयमित रहना होगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: