Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood परदे के पीछे.आदित्य चोपड़ा भारत की महिला क्रिकेट टीम पर फिल्म बनाने जा रहे हैं, जिसमें रानी मुखर्जी कप्तान की भूमिका करेंगी। यह ‘चक दे इंडिया’ का हॉकी संस्करण नहीं है वरन् रानी मुखर्जी को नए रूप में प्रस्तुत करते हुए भारत में चल रही क्रिकेट लहर को कैश कराने का प्रयास है। ‘लागा चुनरी में दाग’ भी रानी मुखर्जी के लिए बनाई गई थी। शांताराम ने संध्या के लिए कई फिल्में बनाई थीं।
नारी द्वारा सोने के हिरण की चाह हमारे लिए कोई नई बात नहीं है। आदित्य तो बॉक्स ऑफिस के हिरण के लिए कुछ भी कर सकते हैं। आजकल उनके लिए रानी की चाह का हिरण और बॉक्स ऑफिस का हिरण एक ही बात हो गई है। भारतीय सिनेमा में फिल्मकार और उसकी प्रिय नायिका का खेल चंदूलाल शाह और गौहरबाई से शुरू हुआ था। गुरुदत्त ने भी वहीदा रहमान के साथ चार फिल्में बनाई थीं।
राजकपूर ने भी नरगिस के साथ 6 फिल्में बनाई थीं, परंतु नरगिस के लिए विशेष तौर पर लिखी ‘अजंता’ नहीं बना पाए और इसी कथा से प्रेरित उनके सहायक लेख टंडन ने वैजयंतीमाला के साथ ‘आम्रपाली’ नामक हादसा रचा था। एकता कपूर ने भी अपनी प्रिय, प्राची देसाई के लिए भूमिकाएं रची हैं।
बहरहाल आजकल रानी मुखर्जी आदित्य चोपड़ा और कोहली की ‘थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक’ में काम कर रही हैं। इसी फिल्म में अमीषा पटेल ने एक आइटम नंबर प्रस्तुत किया है। अमीषा पटेल ने ‘कहो न प्यार है’ जैसी सुपरहिट फिल्म से कैरियर शुरू किया था परंतु माता-पिता से विवाद और विक्रम भट्ट से असफल प्रेम प्रसंग ने उसे ‘आइटम’ करने के लिए मजबूर कर दिया है। अब कंपनी की रानी से तो ‘आइटम’ नहीं करा सकते।
सोलह मई से आदित्य आठ वर्ष के अंतराल के बाद शाहरुख खान अभिनीत ‘रब ने बना दी जोड़ी’ नामक फिल्म का निर्देशन करने जा रहे हैं। बाजार में कुछ इस तरह की खबर है कि शाहरूख को मेहनताने के तौर पर पचास प्रतिशत मुनाफा दिया जा रहा है। इसके पहले की तमाम फिल्मों में शाहरुख ने वही मेहनताना स्वीकार किया जो उसे दिया गया। ‘टशन’ की घोर असफलता के बाद आदित्य चोपड़ा पर नए दबाव हैं और परीक्षा की इस घड़ी में रानी मुखर्जी उन्हें प्रेरित कर सकती है।
अंतरंग संबंध दवा का काम भी कर सकते हैं और मन को प्रेशर कुकर भी बना सकते हैं। आदित्य और रानी टीनेजर नहीं हैं। दोनों ही तीस पार के सुलझे हुए वयस्क हैं परंतु भावना का आवेग उम्र की सरहदों के परे जाता है। इस फिल्म में नई तारिका प्रस्तुत की जा रही है और इस मुश्किल काम में निर्देशक को कलाकार के बहुत निकट जाना होता है। रानी की प्रतिक्रिया क्या होगी?
यह भी सुना है कि यह फिल्म बर्नाड शॉ के नाटक ‘पिगमेलियो’ से प्रेरित है जिस पर ऑड्रे हैपबर्न के साथ ‘माय फेयर लेडी’ और देवआनंद तथा टीना मुनीम (अब अंबानी) के साथ ‘मनपसंद’ बनी थी। यशराज परिसर में मौसम तंदूर जैसा रहेगा। समय ही बताएगा कि कौन झुलसता है, कौन पकता है?